कोरोना संक्रमण को मात देते हुए एक संक्रमित ठीक होकर घर लौट गया है। गुरुग्राम से लौटा युवक संक्रमित पाया गया था जिसकी दूसरी रिपोर्ट में वह स्वस्थ होकर घर लौट गया है। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 21 रह गई है। वहीं 169 लोगों की रिपोर्ट अभी लंबित है। कोरोना की जांच करवाने वालों की आने वाली रिपोर्ट को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सिविल अस्पताल में रिपोर्ट बोर्ड लगाया है, जहां सैंपल लिए हुए सभी संदिग्धों की रिपोर्ट चस्पा की जाएगी।
शनिवार को जिले में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं आया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की मेहनत के कारण एक संक्रमित ने कोरोना को मात दे दी है और संक्रमित को होम क्वारंटीन कर दिया है। युवक बीते आठ दिन पूर्व गुरुग्राम से सिरसा लौटा था। युवक सिरसा में आते ही सबसे पहले सिविल अस्पताल में गया और अपनी जांच करवाई थी, जिसमें वह संक्रमित पाया गया था। युवक को विभाग ने सिविल अस्पताल में आइसोलेट कर लिया था। विभाग ने सात दिन बाद युवक के सैंपल दोबारा भेजे थे, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को आई, जिसमें वह निगेटिव पाया गया है।
जिले में अब 21 संक्रमित मरीज
जिले में कोरोना संक्रमितों के ठीक होने का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है, जिले में अभी तक 82 संक्रमित आ गए हैं, जिनमें 61 संक्रमितों ने कोरोना को मात दे दी है, जबकि केवल 21 संक्रमित ही आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। वहीं अभी तक 169 संदिग्धों की रिपोर्ट लंबित है।
अस्पताल में लगाया रिपोर्ट बोर्ड
सिविल अस्पताल में कंट्रोल रूम के बाहर एक रिपोर्ट बोर्ड लगाया गया है, जिसमें जो संदिग्ध सैंपल देकर जाता है, उसकी जो रिपोर्ट आती है उसकी सूची बनाकर बाहर चस्पा की जा रही है। जिससे रिपोर्ट देखने आने वाले लोगों को अस्पताल में न ही तो किसी से मिलना पड़ेगा और न ही किसी तरह को कोई संपर्क हो पाएगा। कंट्रोल रूम की टीम प्रतिदिन आने वाली रिपोर्ट की जानकारी रिपोर्ट बोर्ड पर चस्पा कर रही है।
जिले में एक मरीज ठीक होकर घर लौट चुका है। संक्रमित को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
-डॉ. सुरेंद्र नैन, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग।