सिरसा। जिले के गांव भावदीन में शुक्रवार रात 9 बजे दो पक्षों में टकराव हो गया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और दो वाहनों को आग लगा दी गई।
इसके बाद एक पक्ष ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। गोली लगने से दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक 32 वर्षीय विशंभर के पिता सतनाम के बयान दर्ज कर पांच नामजद व 20 अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार गांव भावदीन निवासी राजेंद्र ने किसान वीरेंद्र की जमीन ठेके पर ली हुई है। उसके पास ही गांव शहीदांवाली निवासी विशंभर पुत्र सतनाम ने भी ठेके पर जमीन ली हुई है।
पिछले कुछ दिनों से दोनों पक्षों में पानी के खाल व रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे दोनों पक्षों के 40 से 50 लोग मौके पर मौजूद थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। हालात तब बिगड़ गए जब खेत में खड़ी कार व बाइक को आग लगा दी गई।
इसके बाद राजेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर बंदूक से फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिससे दो गोलियां विशंभर को लगीं। इसके अलावा रवि पुत्र लछमण दास निवासी गांव दरियापुर, बलकार पुत्र जयचंद व राकेश पुत्र देशराज निवासी गांव शहीदांवाली को भी गोली लगी। हमलावरों ने चारों को लाठी व डंडे से भी पीटा।
जिससे उक्त चोरों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले नागरिक अस्पताल सिरसा लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। परिजन गंभीर रूप से घायल विशंभर को उपचार के लिए सिरसा से हिसार लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।