रानियां । बस व ट्रैक्टर में हुई टक्कर का दृश्य।
रानियां। शहर के सिरसा-जीवन नगर मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक निजी बस व नगर पालिका के ट्रैक्टर-टैंकर में भिड़ंत हो गई। इसमें ट्रैक्टर चालक के हाथ व पैरों पर मामूली चोट आई है। रानियां पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। गनीमत रही कि इस हादसे के दौरान बस में सवार किसी सवारी के चोट नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।
सूत्रों के मुताबिक शनिवार सुबह एक निजी बस अपने समय अनुसार गांव बणी से चलकर सिरसा की ओर जा रही थी। बस सुबह करीब 10 बजे जब बालासर रोड के नजदीक धर्मकांटा के पास पहुंची तो रानियां नगर पालिका के पानी से भरे टैंकर को ले जा रहा ट्रैक्टर बालासर की ओर मुड़ रहा था तो ट्रैक्टर के साथ बस की भिड़ंत हो गई।
जिस समय यह घटना हुई बस में करीब 20 से 25 सवारियां मौजूद थीं। दुर्घटना के दौरान ट्रैक्टर चालक दानाराम के पैर और हाथ पर मामूली चोटें आईं। सूचना पाकर रानियां पुलिस व नगर पालिका कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल ट्रैक्टर चालक दानाराम को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानियां में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के विवाद को आपसी बातचीत के साथ समाप्त किया। गनीमत रही कि इस हादसे के दौरान बस की स्पीड कम थी और अंदर बैठी किसी भी सवारी के चोट नहीं आई और बड़ा हादसा होने से टल गया।