संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ा। ओढां पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ताजमुल अकबर सौंफी पुत्र मोहम्मद अकबर सौंफी निवासी बारामूला जम्मू कश्मीर के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि 10 अक्तूबर को परविंदर सिंह निवासी गांव मलिकपुरा, सिरसा की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायत में परविंदर सिंह ने बताया कि 20 सितंबर को उसके पास इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन आया। इसमें टास्क पूरा करने पर 1000 से 5000 रुपये मिलने थे। जब उसने उस लिंक पर क्लिक किया तो उसके व्हाटसएप नंबर पर एक मैसेज आया। इसमें एक एप्लीकेशन भेजी गई थी। एप्लीकेशन पर उसने आईडी बनवाई, तो 300 रुपये का रिचार्ज करवाने को कहा। इसे बाद टास्क को जारी रखने के लिए 300 रुपये ओर जमा करवा लिए। जैसे-जैसे टास्क पूरे होते गए वह पैसे जमा करवाता गया। कभी 500 तो कभी 1000 रुपये जमा करवाए। ऐसा करके वह 62800 रुपये जमा करवा ए। जब सारे टास्क पूरे कर लिए तो कहा गया कि तीन लाख रुपये कमाए है। इसके बाद एक व्यक्ति ने फोन कर कहा कि आपके बैंक तीन लाख रुपये जमा करवा देंगे। एक घंटे तक जब पैसा जमा नहीं हो तो उन्होंने कहा कि सरकार को 60000 रुपये टैक्स का भरना होगा। इसके बाद पैसे मिलेंगे। टैक्स नहीं भरा तो वे फंसा देंगे। उन्होंने स्क्रीन शॉट भेजे कि इन लोगों के भी टैक्स भरने के बाद पैसे मिले थे। उनके भेजे स्क्रीन शॉर्ट में एक या दो लोगों के नंबर थे। जब उनके नंबर पर फोन कर सारी जानकारी ली तो पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी ताजमुल अकबर सौंफी को जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार किया गया।