संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। थेहड़ी दया सिंह में मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग ने रोटी न मिलने का आरोप लगाकर पत्नी की मंगलवार को फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। ऐलनाबाद थाना पुलिस ने मृतक महिला के भाई गुरमीत सिंह के बयान पर आरोपी पति जरनैल सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जसबीर कौर के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को नागरिक अस्पताल में किया गया।
थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी जरनैल सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसका इलाज चल रहा था। घरेलू विवाद के चलते गुस्से में आकर उसने फावड़े से जसबीर कौर के सिर पर वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित कर दी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जसबीर कौर और जरनैल सिंह बुजुर्ग दंपती थे। दो बेटे हैं। छोटा बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है जबकि बड़ा बेटा गुरसेवक पत्नी के साथ उनके साथ रहता रहता है। मंगलवार सुबह गुरसेवक और उसकी पत्नी पंजाब के मलोट दवा लेने गए थे। इससे दोनों बुजुर्ग घर पर अकेले थे।
पुलिस के अनुसार, पहले भी दोनों के बीच घरेलू कलह होती रहती थी। जरनैल सिंह अक्सर शिकायत करता था कि उसकी ठीक से देखभाल नहीं हो रही है। उसे समय पर रोटी नहीं मिलती। इसी बात पर मंगलवार को झगड़ा बढ़ गया और गुस्से में जरनैल सिंह ने फावड़े से हमला कर जसबीर कौर की हत्या कर दी।