प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे का मूल्यांकन नोटिस वितरित करते कर्मचारी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। सर्वे के बाद नोटिस लेने से मना करने वाले प्रॉपर्टी धारकों को नोटिस देने के लिए अब कंपनी व नगर परिषद के कर्मचारी फील्ड में उतरेंगे। इससे पहले याशी कंपनी के कर्मचारी नोटिस देने के लिए पहुंचे थे लेकिन उन्होंने बिना कोई कारण बता नोटिस लेने से इनकार कर दिया। जिसके बाद याशी कंपनी ने नगर परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी से नप कर्मचारी दिए जाने की मांग रखी है। कंपनी की ओर से अभी करीब चार हजार उपभोक्ताओं को नोटिस नहीं दिया गया है।
प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे के बाद शहर भर में करीब 80 हजार प्रॉपर्टी का सर्वे किया गया था। इनमें से 50 हजार मालिकों ने भवनों का निर्माण किया गया है। जिसके बाद विभाग की ओर से उन्हें नोटिस वितरित किया गया है। लेकिन 24 हजार 136 खाली पड़े प्लॉटों के नंबर और मालिकों की जानकारी न होने के कारण उन्हें नोटिस वितरित नहीं किए जा सके। हालांकि भवन निर्माण कर चुके लोगों से ही नगर परिषद की ओर से टैक्स लिया जाता है। फिर भी अगर कोई प्लॉट धारक प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाना चाहते हैं तो वे इसके लिए नगर परिषद में संपर्क कर टैक्स जमा करवा सकते हैं।
खामियां दूर करने के लिए ऐलनाबाद में बढ़ाया समय
प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे में आ रही खामियां दूर करने के लिए ऐलनाबाद में पांच दिन का समय बढ़ाया गया है। अब नगरपालिका में 31 मार्च तक याशी कंपनी के कर्मचारी बैठकर मूल्यांकन नोटिस में आई खामियां दूर करेंगे। ऐलनाबाद में अभी तक मूल्यांकन नोटिस को लेकर आ रही खामियों को दूर नहीं किया जा सका, जिसके चलते पांच दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है।
वर्जन
करीब चार हजार मूल्यांकन नोटिस वितरित करने के लिए नगर परिषद के दो कर्मचारी साथ भेजने के लिए अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी से मिले हैं। कंपनी के कर्मचारियों के साथ दो नगर परिषद कर्मचारी जाकर यह नोटिस वितरित करवाएंगे। ये वह मूल्यांकन नोटिस है, जिन्हें लेने से प्रॉपर्टी धारकों ने मना कर दिया है।
- डूंगरराम, सुपरवाइजर, याशी कंपनी