सिरसा । उतर हरियाणा बिजली निगम में कार्यरत एएलएम यानी असिस्टेंट लाइनमैन का तबादला दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम में किया जा रहा है। डीएचबीवीएन में भेजे जाने के उपरांत मंगलवार को सिरसा मुख्य डिविजन कार्यालय में एएलएम ज्वाइनिंग करते हुए नजर आए। 210 के करीब एएलएम सिरसा जिले को मिले हैं। इनके ज्वाइन करने के बाद सिरसा जिले में बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान तेजी से हो पाएगा।
निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को 100 के करीब एएलएम ने ज्वाइन किया है। इनमें भिवानी, चरखी दादरी और सिरसा जिले के एएलएम शामिल हैं। अहम बात यह है कि सिरसा जिले के एएलएम को बड़े स्तर पर गृह जिला दिया गया है। जिससे उन्हें कार्य करने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं निगम भी बिजली संबंधी कोई परेशानी आने पर कर्मचारियों की तुरंत प्रभाव से ड्यूटी पर लगा पाएगा।
एएलएम ने जताई खुशी
ज्वाइन करने के लिए आए कर्मचारियों ने बताया कि वह लंबे समय से दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में आने की कोशिश कर रहे थे। सरकार के इस फैसले से हमें बेहद राहत मिली है। इससे यह फायदा होगा कि हम कभी भी अपने गृह जिले में जा सकते हैं। सिरसा से भिवानी ज्यादा दूरी पर नहीं है। रेल सेवा भी पर सिरसा से मिलती है।
लाइनमैन की कमी से जूझ रहा था निगम
विभाग के अधिकारियों की माने तो लाइनमैन की कमी के कारण बड़े स्तर पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब दिन और रात के समय बिजली की लाइनों में आने वाली दिक्कतों को आसानी से हल किया जा सकेगा। आंधी, तूफान के कारण बड़े स्तर पर नुकसान होता है और स्टॉफ की जरूरत पड़ती है। अब कई दिनों में आने वाला काम कुछ घंटों में किया जा सकेगा।
-यूएचबीवीएन से आए 100 एएलएम ने आज ज्वाइन किया है और एएलएम भी ज्वाइन करेंगे। इससे पूरे जिले को फायदा होगा और बिजली संबंधी शिकायतों का जल्द से जल्द निपटान हो पाएगा।
- राजेंद्र सबरवाल, एसई, बिजली निगम