अवैध डबल पेयजल कनेक्शन धारकों को नोटिस, पानी की बर्बादी रोकने के लिए विभाग ने चलाया अभियान
फोटो - 19
संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पानी की बर्बादी रोकने के उद्देश्य से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने ऐलनाबाद खंड के गांव पट्टी कृपाल में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने घर-घर जाकर पेयजल कनेक्शनों की जांच की और अवैध जल उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर (बीआरसी) हरि सिंह भिड़ासरा ने बताया कि जांच के दौरान जिन घरों और सर्विस स्टेशनों पर अवैध डबल पेयजल कनेक्शन पाए गए उन्हें मौके पर ही नोटिस जारी किए गए। उन्होंने कहा कि पेयजल का दुरुपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरि सिंह ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक उपभोक्ता तक पर्याप्त मात्रा में पेयजल पहुंचाना और जल की अनावश्यक बर्बादी को रोकना है। अवैध कनेक्शनों की जांच लगातार जारी रहेगी। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पानी की प्रत्येक बूंद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से नलों पर कैप लगाने, अनावश्यक रूप से पानी न बहने देने और जल संरक्षण के उपाय अपनाने का आग्रह किया।