- डबवाली पुलिस की ओर से 9 माह के अंतराल में 9 नशा तस्करों की करोड़ों की संपत्ति की जा चुकी है फ्रीज
फोटो - 40
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। नशा तस्करी का धंधा कर संपत्ति अर्जित करने वालों पर पुलिस ने कड़ा रुख अपना रखा है। पुलिस ने ओढ़ां थाना क्षेत्र के गांव मकिलपुरा निवासी नशा तस्कर जसवीर सिंह उर्फ काला की नशा बेचकर अर्जित की गई करीब ढाई करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की है। डबवाली पुलिस पिछले 9 माह के अंतराल में 9 नशा तस्करों की करोड़ों रुपये की संपत्ति फ्रीज कर चुकी है।
आरोपी जसवीर सिंह उर्फ काला आदतन नशा तस्कर है। वह 8 जनवरी 2026 से पिट एनडीपीएस की कार्रवाई के तहत एक वर्ष के लिए सिरसा जेल में बंद है। उसके खिलाफ हरियाणा व पंजाब में एनडीपीएस के 7 मुकदमे दर्ज हैं।
डीएसपी कालांवाली संदीप धनखड़ ने बताया कि ओढ़ां थाना पुलिस व प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल पुलिस जिला डबवाली द्वारा एनडीपीएस अधिनियम की धारा (धारा-68-एफ(1) के तहत आरोपी जसवीर सिंह उर्फ काला की आय और संपत्तियों की गहन वित्तीय जांच की गई। जांच में पाया गया कि आरोपी की संपत्ति उसकी वैध आय से अधिक और पूरी तरह अवैध हैं।
इसके बाद ओढ़ां पुलिस द्वारा धारा 68-एफ-(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध संपत्ति को फ्रीज करने के लिए रिपोर्ट तैयार की गई। इसे सक्षम प्राधिकारी, एसएएफईएमए (नई दिल्ली) द्वारा स्वीकृति प्रदान कर फ्रीज के आदेश जारी कर दिए गए। इसके बाद ओढ़ां पुलिस व प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल द्वारा आरोपी जसवीर सिंह उर्फ काला की संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है।
डीएसपी ने बताया कि फ्रीज की गई संपत्ति में तस्कर जसवीर सिंह उर्फ काला की गांव गंगा व गांव मलिकपुरा में 7 एकड़ भूमि व कालांवाली में स्थित व्यावसायिक दुकान शामिल है जिसकी वर्तमान में अनुमानित कीमत 2.5 करोड़ है।