सिरसा। उपायुक्त शांतनु शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में किसी भी मेडिकल स्टोर पर चिकित्सक के परामर्श के बिना प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और ड्रग कंट्रोल टीम जिले के मेडिकल स्टोरों की विशेष जांच करें और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि जिले के अधिकांश मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। यदि किसी स्टोर पर कैमरा नहीं लगा है तो संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उपायुक्त बुधवार को लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष में आयोजित नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि नशे पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शहरों के साथ-साथ गांवों में भी वार्ड स्तर पर ठोस कार्ययोजना बनानी होगी। मेडिकल स्टोर खोलने की अनुमति से पहले संबंधित सरपंच एनओसी जारी करते समय यह सुनिश्चित करें कि आवेदक किसी भी प्रकार से नशे के कारोबार से जुड़ा न हो या नशे से संबंधित किसी मामले में पूर्व में संलिप्त न रहा हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस नशे के खिलाफ पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। गांवों में गठित नशा विरोधी कमेटियों को और अधिक सक्रिय किया जाए।
उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि नशा विरोधी जागरूकता से संबंधित बैनर, पोस्टर और प्रचार सामग्री तैयार करवाई जाए ताकि युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर नशा मुक्ति संदेशों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और समाज कल्याण विभाग की ओर से तैयार की जाने वाली लघु नाटिका को वीडियो माध्यम से गांव-गांव दिखाया जाएगा।
ग्राम स्तर पर कमेटियों के माध्यम से चलाया जाएगा अभियान
पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारण ने कहा कि नशे के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत गांवों में पंचायतों के सहयोग से ग्राम स्तरीय कमेटियों को सक्रिय किया जाएगा। इन कमेटियों के माध्यम से उन युवाओं की काउंसलिंग करवाई जाएगी जो नशे की चपेट में आ चुके हैं। पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर ने कहा कि कई गांवों में सुनसान स्थानों पर कुछ लोग नशा करने के लिए एकत्र होते हैं। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध पंचायतें जागरूकता कार्यक्रम चलाएं। उन्होंने बताया कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और जो व्यक्ति पुलिस को नशा तस्करों की सूचना देता है, उसकी पहचान गुप्त रखी जाती है।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान ढिलोड, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता साईं, जिला खेल अधिकारी जगदीप सिंह, जेल उप अधीक्षक कुलदीप सिंह, ड्रग कंट्रोल अधिकारी केशव वशिष्ठ, सुनील, डिप्टी सीएमओ पंकज शर्मा, एचएसएनसीबी के इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह मौजूद रहे।