डिंग मंडी। गांव शेरपुरा की वह जगह जहां से टूटी हुई थी तार, जिसे जोड़ दिया गया। संवाद
सिरसा। डिंग मंडी में बच्चों के लिए रात को दूध लेने जा रहे पिता की 11 हजार वोल्ट का करंट लगने से मौत हो गई। डिंग मंडी निवासी राधेश्याम (24) डीजे का काम करता था। शव का पोस्टमार्टम वीरवार को नागरिक अस्पताल में किया गया। मृतक के पिता कृष्ण कुमार का बयान दर्ज कर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
राधेश्याम निवासी डिंग मंडी की बाला जी डीजे के नाम से दुकान है। उनके मकान से 500 मीटर दूर उसके पिता कृष्ण कुमार का मकान है। बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे राधेश्याम अपने पिता के घर से दूध लेने जा रहे थे। रास्ते में मुख्य सड़क पर 11 हजार वोल्ट की तार बिजली के पोल से टूट कर नीचे गिरी पड़ी थी।
सड़क पर अंधेरा होने के कारण राधेश्याम को टूटी हुई तार नजर नहीं आई। जैसे ही उनका पैर तार पर पड़ा उन्हें जोरदार करंट लगा। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर डिंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी अनिल कुमार का कहना है कि राधेश्याम दो बच्चों के पिता थे। वह बच्चों के लिए दूध लेने अपने पिता के घर जा रहे थे।
निगम पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये घटना बिजली निगम की लापरवाही का नतीजा है। अगर बस या गाड़ी 11 हजार वोल्ट की तार की चपेट में आ जाती तो हादसा बहुत ही बड़ा हो सकता था। बिजली निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को इस घटना की जांच कराकर दोषी कर्मचारी पर कार्रवाई करनी चाहिए।
इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। एसई ने बताया कि एक्सईएन सिरसा इस मामले की जांच करेंगे। जांच में जो भी दोषी पाया गया, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पीड़ित परिवार को बिजली निगम की ओर से सरकार की ओर से तय मुआवजा राशि दी जाएगी।
- कुलदीप अत्री, एसई, बिजली निगम।