सिरसा। पंजाब की गुमटाला पुलिस चौकी पर ग्रेनेड फेंकने के मामले में सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी हैप्पी पासिया के साथी सिरसा के ढाणी काहन सिंह निवासी बग्गा सिंह के घर रेड की। टीम ने बग्गा की पत्नी गुरजीत कौर से करीब चार घंटे तक पूछताछ की।
एनआईए की टीम रविवार रात को ही प्रोबेशन सब इंस्पेक्टर (पीएसआई) अंकुश के नेतृत्व में सिरसा पहुंच गई थी। लोक निर्माण विश्राम गृह में रुकी टीम ने सुबह सात बजे बग्गा केे घर पर रेड कर दी। सुबह सात बजे से 11 बजे तक टीम गुरजीत कौर से पूछताछ करती रही। बग्गा का मोबाइल नंबर गुरजीत के नाम पर ही है। एनआईए ने गुरजीत से पूछा कि उसने इस नंबर से किसी आपराधिक तत्व से बात की है या नहीं। पता चला है कि मोबाइल से ज्यादातर व्हाट्सएप कॉल की गई है।
12 जून को भी एनआईए ने मारा था छापा
बग्गा सिंह और उसके साथी अमृतसर निवासी पुष्करन सिंह को पंजाब की स्पेशल टास्क फोर्स ने 28 जनवरी को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच अब एनआईए कर रही है। 12 जून को एनआईए टीम ने बग्गा के एक रिश्तेदार वेदवाला निवासी गुरमीत सिंह उर्फ मीता के घर पर मौजूद सदस्यों से पूछताछ की थी। एनआईए ने पूछा था कि बग्गा का यहां किन-किन लोगों से मेलजोल है। रिश्तेदारों से उनके कामकाज व बैंक खातों का ब्योरा भी लिया था। सूत्रों ने बताया कि बग्गा और पुष्करण अमेरिका स्थित गैंगस्टर से आतंकवादी बने हैप्पी पासिया और नशा तस्कर सरीन भोला के लिए काम करते हैं। मामले की जांच करते हुए एनआईए अब आरोपी बग्गा सिंह के नेटवर्क का पता लगा रही है।
9 जनवरी की देर रात पुलिस चौकी पर फेंका था ग्रेनेड
गुमटाला पुलिस चौकी में 9 जनवरी की रात 12.30 बजे आतंकियों ने ग्रेनेड फेंककर ब्लास्ट किया था। ब्लास्ट के थोड़ी देर बाद ही विदेश में बैठे आतंकी हैप्पी पासिया ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। कहा था कि यह धमाका पिछले दिनों पुलिस की ओर से झूठे मुकाबले में बेकसूर दो युवकों की टांगों पर गोलियां मारने का बदला है। एनआईए ने पासिया पर पांच लाख का इनाम रखा हुआ है।