संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। पुलिस जिला डबवाली की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया। कार्यालय पहुंचने पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कपिल अहलावत, उप पुलिस अधीक्षक डबवाली योगेश कटारिया सहित थाना प्रभारियों व पुलिस अधीक्षक कार्यालय के शाखा प्रभारियों ने उनका स्वागत फूलों के गुलदस्ते भेंट कर किया।
जसलीन कौर 2019 बेच की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने फिजिक्स ऑनर्स व एमए एनवायरमेंटल स्टडीज की शैक्षिक योग्यता हासिल की हुई है। वह इससे पहले एएसपी पलवल, डीसीपी फरीदाबाद व डीसीपी झज्जर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि डबवाली में संगठित अपराध को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। अपराधियों के साथ-साथ उनके सहयोगियों और पूरे आपराधिक नेटवर्क पर कड़ी और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों को शरण देने या सहयोग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
एसपी ने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में नशा उन्मूलन, साइबर अपराध पर नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं में कमी तथा महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रमुख रूप से शामिल रहेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि डबवाली में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।