फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: एएसडीडी सूची के सत्यापन के बाद ही हटेंगे नाम, बिना कारण नहीं कटेगा, 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां होंगी दर्ज

Fri, 17 Jul 2026 10:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
विज्ञापन
सिरसा। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित कारण मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। चुनाव तहसीलदार हनुमान दास ने बताया कि सोशल मीडिया पर नाम काटे जाने संबंधी फैल रही अफवाहें भ्रामक हैं। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना और अपात्र नामों को हटाना है।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि हरियाणा में 24 वर्ष बाद विशेष गहन पुनरीक्षण कराया जा रहा है। 24 जुलाई तक चलने वाले गणना चरण में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं से हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र एकत्र कर रहे हैं। जिन मतदाताओं ने प्रपत्र जमा कर दिए हैं, उनके नाम बिना अतिरिक्त दस्तावेज के प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
एएसडीडी सूची में केवल पांच श्रेणियों के नाम
जिन मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं होंगे, उनके नाम सीधे नहीं हटाए जाएंगे। स्थानीय सत्यापन के बाद केवल डुप्लीकेट, एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित तथा अनुपस्थित अथवा पता न चलने वाले मतदाताओं को एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत्यु, डुप्लीकेट) सूची में शामिल किया जाएगा। इस सूची का सत्यापन बीएलओ, बूथ लेवल एजेंट और स्थानीय प्रतिनिधियों की बैठक में होगा। इसकी कार्यवाही और फोटो बीएलओ ऐप पर अपलोड किए जाएंगे।
विज्ञापन

प्रारूप मतदाता सूची 31 जुलाई को प्रकाशित होगी। इसके बाद 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। नए मतदाता प्रपत्र-6 तथा विवरण संशोधन के लिए प्रपत्र-8 के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी आवेदन के पात्र होंगे।
सिरसा में गणना कार्य पूरा
जिले के सभी 996 बीएलओ ने 10,05,598 मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचा दिए हैं। अब तक 9,00,431 प्रपत्रों (89.54 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। ऐलनाबाद में 95.85 प्रतिशत के साथ सबसे अधिक, जबकि सिरसा विधानसभा क्षेत्र में 76.84 प्रतिशत प्रपत्र डिजिटाइज किए गए हैं। हनुमान दास ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और समय पर हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र जमा कराने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें