विश्राम गृह में होने वाली इस बैठक का एक ही एजेंडा है सुंदरीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के समग्र विकास और सुंदरीकरण के लिए नगर परिषद की साधारण यानी हाउस की बैठक 30 अप्रैल को होगी। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में होने वाली इस बैठक में महज एक ही एजेंडा रखा गया है। वह है शहर के सुंदरीकरण का। शहर के सुंदरीकरण के लिए तैयार किए गए प्रोजेक्ट और पार्षदों के सुझावों को इस बैठक में प्रमुखता दी जाएगी।
बैठक के लिए जारी पत्र के आधार पर बैठक का मुख्य एजेंडा शहर के सुंदरीकरण से जुड़ा रहेगा। परिषद के सदस्य इस बात पर विचार करेंगे कि किस प्रकार शहर की छवि को बेहतर बनाया जाए। नागरिकों को साफ-सुथरा व आकर्षक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इसके तहत शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों को भव्य रूप देने का प्रस्ताव रखा जाएगा ताकि बाहर से आने वाले लोगों में शहर की सकारात्मक छवि बने। इसके अलावा, पुरानी बैठक के मुद्दों की समीक्षा की जाएगी। इसको लेकर आपसी विवाद पैदा होने के आसार हैं। इसके साथ साथ चेयरमैन की अनुमति से विशेष प्रोजेक्ट या मुद्दे भी पार्षद रख पाएंगे। ऐसे में बैठक में चेयरमैन की ओर से क्या नये मुद्दे होंगे। इसको लेकर चर्चा बनी हुई है।
इसके साथ ही शहर में ग्रीन बेल्ट विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। हरित क्षेत्रों के विस्तार से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और शहर सुंदर बनेगा।
चौक-चौराहों का किया जाएगा सुंदरीकरण
लंबे समय से चौक चौराहों के सुंदरीकरण की प्रक्रिया चल रही है। चेयरमैन इस प्रोजेक्ट को लेकर कई बार अधिकारियों के साथ मंथन कर चुके हैं। वहीं, इन चौकों को गोद लेने वाली संस्थाएं भी मांगपत्र सौंप चुकी हैं।
कोट्स
साधारण बैठक 30 अप्रैल को होगी। तैयारी हो गई है। सुंदरीकरण मुख्य मुद्दा रहेगा। इसके अलावा कुछ अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
-वीर शांति स्वरूप, चेयरमैन