सिरसा। टैक्स पर लगे ब्याज पर छूट का लाभ लेने के लिए प्रॉपर्टी धारक टैक्स जमा करवाने के लिए नगर परिषद कार्यालय में पहुंच रहे हैं, लेकिन आईडी में गलतियां होने के कारण उन्हें एक जगह से दूसरी जगह पर चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इसके लिए अब नगर परिषद की ओर से हेल्प डेस्क लगाया गया है। यहां पर शुक्रवार को 150 से अधिक प्रॉपर्टी धारकों ने आईडी में गलती होने की शिकायत दी है। जबकी 300 लोग टैक्स जमा करवाने नगर परिषद पहुंचे थे। अब तक करीब 40 फिसदी लोगों ने है टैक्स जमा करवाया है। शहर में करीब 90 हजार प्रॉपर्टी आईडी बनी हुई हैं।
31 जनवरी तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने पर सरकार की ओर से प्रॉपर्टी धारकों को टैक्स पर लगी ब्याज राशि पर 50 फीसदी छूट दी जा रही है। सरकार की ओर से दी जा रही विशेष छूट के शेष तीन दिन रहे हैं। जिसके चलते काफी संख्या में प्रॉपर्टी धारक टैक्स जमा करवाने के लिए नगर परिषद में पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को करीब 300 लोग प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए नगर परिषद कार्यालय में पहुंचे। टैक्स जमा करवाने के लिए कार्यालय में पहुंचे तो उन्हें आईडी में गलती होने की जानकारी दी गई। जिसके पश्चात इस संबंध में उन्हें हेल्प डेस्क पर भेजा गया। यहां पर उनकी प्रॉपर्टी आईडी की जांच करने के बाद छोटी गलतियों को तो दूर कर दिया गया, लेकिन रिहायशी एरिया को व्यवसाय दिखाने पर मौके पर टीम की ओर से सर्वे किए जाने पर उनकी आईडी में बदलाए किए जाने की जानकारी दी गई। जिसके बाद उनकी शिकायत को दर्ज कर ठीक करने का आश्वासन देकर उन्हें वापस लौटा दिया गया।
प्रॉपर्टी आईडी में है कई तरह की गलतियां, लोगों को काटने पड़ रहे चक्कर
नगर परिषद कार्यालय में दिनभर टैक्स जमा करवाने के लिए प्रॉपर्टी धारकों की भीड़ लगी रही। दिनभर करीब सवा दो लाख रुपये टैक्स प्रॉपर्टी धारकों ने जमा करवाया है। दिनभर 300 प्रॉपर्टी धारक टैक्स जमा करवाने के लिए कार्यालय में पहुंचे। जिनमें से करीब 100 लोग ही टैक्स जमा करवा पाए और 200 लोगों की आईडी में गलती होने के चलते उन्हें हेल्प डेस्क पर भेजा गया। इनमें से 150 लोगों ने ही हेल्प डेस्क पर आईडी में गलती होने की शिकायत नगर परिषद में दर्ज करवाई है। जबकि अन्य लोग बिना शिकायत व टैक्स जमा करवाए ही वापस लौट गए।
टैक्स जमा न करवाने वाले प्रॉपर्टी धारकों को नगर परिषद जारी करेगा नोटिस
31 जनवरी तक ब्याज पर 50 फीसदी छूट दी जा ही है। अगर इसके पश्चात भी प्रॉपर्टी धारक टैक्स जमा नहीं करवाते तो नगर परिषद की ओर से फरवरी माह में उनको नोटिस जारी किया जाएगा। नगर परिषद में अभी करीब 40 फीसदी प्रॉपर्टी धारकों ने ही टैक्स जमा करवाया है। जबकि 60 फीसदी लोगों की ओर से टैक्स नहीं दिया गया। 90 हजार के करीब लोगों की प्रॉपर्टी आईडी बनी है।
वर्जन
प्रॉपर्टी आईडी में मकान का एरिया अधिक दिखाया गया है और रिहायशी एरिया में व्यवसाय दिखाया गया है। आईडी ठीक करवाने के लिए दो माह से चक्कर काट रहे है, लेकिन उनकी समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। आईडी में गलती होने से उनके प्लॉट की रजिस्ट्ररी तक नहीं हो पा रही है। जिससे कई तरह के काम भी अटके हुए हैं।
मनदीप कुमार, हाउसिंग बोर्ड फोटो: 24
प्रॉपर्टी आईडी किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से बना दी गई है। जिसे ठीक करवाने के लिए एक जगह से दूसरी जगह पर चक्कर काट रहे हैं। ऑनलाइन भी शिकायत दी गई है, लेकिन समस्या का हल नहीं हो पा रहा है। दो माह से नगर परिषद में चक्कर काट रहे हैं।
ओमप्रकाश, खैरपुर फोटो: 24 आर
वर्जन
प्रॉपर्टी आईडी में गलतियों को ठीक करने के लिए हेल्प डेस्क लगाया गया है। प्रॉपर्टी आईडी में नाम, मकान नंबर, कॉलोनी, रिहायशी और व्यवसाय, एरिया अधिक दिखाने सहित कई तरह की गलतियां हैं। इसे ठीक करने के लिए कार्य किया जा रहा है। शिकायत दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को 150 लोगों ने शिकायत दी है।
-मनीष कुमार, प्रॉपर्टी आईडी इंचार्ज, नगर परिषद सिरसा ।