घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। शहर की खन्ना कॉलोनी स्थित गली नंबर 4 में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में सिर में ईंट-पत्थर मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कीर्तिनगर स्थित गली आरे वाली निवासी 63 वर्षीय हंसराज सोनी के रूप में हुई है।
आसपास के लोगों ने घटना बारे पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया। जानकारी अनुसार शहर के खन्ना कॉलोनी में ओमप्रकाश सचदेवा डेयरीवाला का मकान है, जिसमें रोडवेज में नियुक्त कई चालक-परिचालक किराये पर रहते हैं। सुबह चालक-परिचालक अपनी-अपनी ड्यूटियों पर चले गए। इसी दौरान 63 वर्षीय हंसराज सोनी, जोकि इसी गली के कॉर्नर पर बने ढाबे पर चाय पीने के लिए आया। चाय पीने के बाद वह दोबारा घर जाने के लिए गली में चला गया। ओमप्रकाश सचदेवा के मकान के गेट के निकट किसी अज्ञात व्यक्ति ने सिर में ईंट-पत्थर मारकर हंसराज सोनी की हत्या कर दी। गली से गुजरने वाले लोगों ने गेट के निकट शव को पड़े देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सूचना के बाद मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के बाद पहचान होने पर मृतक हंसराज के परिजनों को सूचित किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया। सिविल लाइन थाना एसएचओ अमित बैनीवाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी का खुलासा किया जाएगा।