त्योहारी सीजन में शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर परिषद ने दूसरे दिन भी अभियान चलाया। वीरवार शाम को नगर परिषद द्वारा चलाए गए अभियान के तहत टीम ने सदर बाजार से लेकर परशुराम चौक तक की सभी दुकानों के बाहर रखे सामान और बोर्ड हटाने शुरू कर दिए। जिस पर दुकानदारों और नगर परिषद कर्मचारियों बहस और सामान हटाने को लेकर जद्दोजहद हुई। वहीं नप की टीम शुक्रवार से दुकानों के आगे अतिक्रमण की फोटो खींचकर रजिस्टर्ड चालान भेजने की व्यवस्था शुरू करेगी। इसके लिए तीन टीमों का गठन किया गया।
शहर में सफाई व्यवस्था और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नप द्वारा बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को नप कर्मचारी पवन कंबोज व धर्मेंद्र फौजी सदर बाजार में पहुंचे और दुकानों के आगे रखा सामान उठाना शुरू कर दिया। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक की दुकान के आगे रखा सामान और बोर्ड उठाना शुरू किया तो दुकान मालिक और मालकिन बाहर निकले और टीम के साथ बहस करने लगे। दुकान मालकिन और कर्मचारी सामान खींचने लगे, लेकिन अन्य कर्मचारियों ने सामान को पकड़ ट्रॉली में रखवा दिया।
दुकानदार ने टीम पर भेदभाव का लगाया आरोप
वहीं टीम ने सुभाष चौक के पास एक दुकान के आगे रखे खाली डिब्बे को उठाया तो दुकान मालिक टीम के पीछे-पीछे आ गया और कर्मचारियों पर आरोप लगाने लगा कि वह दुकानदारों के साथ भेदभाव कर रहे हैं। वह कुछ ही दुकानों के आगे से सामान उठा रहे हैं, जबकि जहां सामान ज्यादा है उनका नहीं उठाया जा रहा है। नप कर्मचारी पवन कंबोज ने बताया कि ऐसा कुछ नहीं है। जहां भी अतिक्रमण है वहां से हटाया जा रहा है, लेकिन दुकानदार अपनी बात पर अड़ा रहा और पूरे बाजार में नगर परिषद के टीम के साथ चलता रहा। वहीं नप की टीम के बाजार में आने की भनक लगते ही सभी दुकानदार अपना सामान अंदर रखने लगे। वहीं दुकानदारों ने सामान तो अंदर रख लिया, लेकिन कचरा बाहर ही छोड़ दिया। तब टीम ने दुकानदारों से उनकी दुकानों के आगे पड़ा कचरा उन्हीं से उठवाया। चालान के भय से दुकानदारों ने खुद ही कचरा उठाना शुरू कर दिया।
आज से भेजे जाएंगे रजिस्टर्ड चालान
बाजारों में अतिक्रमण हटाने को लेकर दुकानदार सहयोग नहीं कर रहे हैं। टीम के जाते ही दुकानदार उसी तरह अपना सामान बाहर निकाल लेते हैं। जिस पर नप अब बाजारों में जिन दुकानों के आगे सामान पड़ा होगा, उसकी फोटो खींचकर रजिस्टर्ड डाक से उन्हें चालान भेजेगी। जिससे दुकानदारों और नप कर्मचारियों का आपस में टकराव भी नहीं होगा।
कोट
बाजारों में नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर रखे सामान और बोर्ड को उठा लिया गया है। दुकानदार को इसका जुर्माना भरना पड़ेगा। आज से दुकानदारों को रजिस्टर्ड चालान भेजा जाएगा।
-अविनाश सिंगला, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगर परिषद सिरसा।
दुकान के आगे रखा बोर्ड लेकर जाते नप कर्मी।- फोटो : Sirsa