सिरसा। गांव खैरेका के पास खेतों की फोटो। संवाद
सिरसा। जिले में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि रविवार को भी अधिकतम तापमान 25 डिग्री रहा, लेकिन न्यूनतम तापमान गिरकर छह डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान में आई 3 डिग्री की यह गिरावट सुबह और शाम के समय ठंड को काफी बढ़ाने वाली रही।
किसानों के लिए यह मौसम गेहूं की फसल के लिए लाभकारी माना जा रहा है। लगातार गिरता तापमान अगर शीत लहर का रूप लेता है तो किसानों को सिंचाई का ध्यान रखना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में पारा और नीचे जा सकता है। रविवार को पूरा दिन ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे मौसम में ठिठुरन महसूस की गई।
सुबह के समय कोहरा हल्का था, लेकिन हवा की तीव्रता बढ़ते ही सर्दी में इजाफा हो गया। दिन के समय धूप जरूर खिली, लेकिन हवा की ठंडक के कारण लोग पूरी तरह गर्माहट महसूस नहीं कर पाए। हालांकि दोपहर के समय धूप में बैठने वालों को हल्की गर्मी का अहसास हुआ, लेकिन जैसे ही हवा का झोंका चलता, सर्दी तुरंत बढ़ जाती।
शाम के समय में बढ़ी ठंड
शाम के समय सड़कों पर निकलने वाले लोगों ने बताया कि हवा इतनी ठंडी थी कि दोपहिया वाहन चालकों को शीत लहर जैसा अनुभव हुआ। हेलमेट और जैकेट के बावजूद ठंडी हवा चेहरे और हाथों पर चुभन पैदा कर रही थी। कई लोगों ने कहा कि पिछले दिनों की तुलना में रविवार की शाम काफी ज्यादा सर्द थी। बाजारों में भी लोगों ने मफलर, मंकी कैप और ग्लव्स का उपयोग बढ़ा दिया।