लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 144वीं जयंती पर स्थानीय भगत सिंह स्टेडियम में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम जयवीर यादव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। एसडीएम ने स्टेडियम से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व उन्होंने सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
सरदार वल्लभाई भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित रन फॉर यूनिटी में विभिन्न स्कूलों, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं, कर्मचारियों सहित आमजन ने भाग लिया और एकता की भावना की सुदृढ़ता के लिए एक होकर दौड़ लगाई।
देशभर में सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। सरदार वल्लभाई पटेल ने देश की आजादी के बाद विभिन्न रियासतों को जोड़ने का कार्य किया। उनकी जयंती पर 31 अक्तूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी कड़ी में देशभर में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के तहत मैराथन का आयोजन किया गया। स्थानीय भगत सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में शहीद भूमनशाह चौक, बाई पास रोड से हुडा कॉलोनी रोड, हाउसिंग बोर्ड से बरनाला रोड़ होते हुए वापस स्टेडियम में समापन हुआ। एकता की दौड़ में स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों व सरकारी कर्मचारियों के अलावा शहरों की सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं व आमजन ने भाग लेकर जिलावासियों को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर डीएसपी राजेश कुमार, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण कुमार बेनीवाल, वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन के अध्यक्ष लालचंद गोदारा, पार्षद सुमन शर्मा, प्रदीप रातुसरिया ने भाग लिया।