बढ़े बिजली बिलों से गुस्साए लोगों की ओर से बिल न भरने की चेतावनी के बाद शुक्रवार को बिजली वितरण निगम के माधोसिंघाना सब डिविजन के एसडीई भागीरथ खिच्ची के नेतृत्व में विभाग की टीम ने गांव चौबुर्जा में खुला दरबार आयोजित किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और जल्द से जल्द उनका निराकरण करने का आश्वासन दिया। एसडीई भागीरथ खिच्ची ने गांववासियों से बिजली के बकाया बिलों की अदायगी का आह्वान किया।
ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि उनके घरों में लगे हुए बिजली के मीटर अत्याधिक तेज चलते हैं। बिल इतने अधिक आए हैं कि वे उन्हें भरने में असमर्थ हैं।
उन्होंने कहा कि एक तो इस बार खेतों में फसल बर्बाद हो गई ऊपर से बढ़े बिजली के बिल थमाकर उनकी कमर तोड़ दी गई है। जब तक उनके बिजली मीटर बदले नहीं जाएंगे तब तक बिल नहीं भरेंगे।
ग्रामीणों ने एसडीओ एक मेमोरेंडम भी सौंपा। इस अवसर पर जेई बलदेव सिंह, सोहनलाल व सीए बलबीर सैनी व विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
गांव धिंगतानियां में खुला दरबार लगना था, लेकिन गांववासियों के विरोध के बाद नहीं लगाया गया।