ऐलनाबाद सेल प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि नशीली दवाई बेचने के आरोप में किसान मेडिकल स्टोर संचालक अक्षय कुमार निवासी गांव बाहिया को काबू कर थाना ऐलनाबाद में विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश कर डिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान नशीली दवाइयों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने सभी थाना व यूनिट प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि अपने-अपने क्षेत्रों में खुफिया तंत्र को मजबूत कर मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी मेडिकल संचालकों की नशे के व्यापार में संलिप्तता पाई जाए उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि यदि कोई मेडिकल स्टोर संचालक किसी अन्य के रजिस्ट्रेशन पर मेडिकल स्टोर चला रहे हैं तो उनका रजिस्ट्रेशन कैंसिल करवाया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों में भ्रमण करें। मेडिकल संचालकों का सर्वे कर उनका पता लगाएंगे कि मेडिकल स्टोर रजिस्ट्रेशन किसके नाम से चल रहा है और अगर उसमें किसी प्रकार की अनियमितताएं पाई जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे गांव में स्थित मेडिकल स्टोर पर ध्यान रखें कि वे किस प्रकार की दवाइयां बेच रहे हैं। अगर किसी प्रकार की नशीली दवाइयां बेच रहे हैं तो तुरंत प्रभाव से पुलिस को सूचित करें ताकि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।