डबवाली। कस्बे के जवाहरनगर में सोमवार रात चार युवकों ने मामूली कहासुनी के बाद बाइक पर जा रहे वाहन बॉडी मैकेनिक की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। हमले में बाइक चला रहे दुकान मालिक बख्शीश सिंह भी घायल हो गए। उन्हें नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार नामजदों पर प्राथमिकी दर्ज की है। मंगलवार शाम तक इनमें से किसी भी आरोपी का सुराग नहीं लगा सका था।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अवतार सिंह के मुताबिक पुलिस को दी रिपोर्ट चौहान नगर निवासी आकाशदीप ने बताया है कि उसके पिता गुरबचन सिंह (46) वाहन बॉडी मेकिंग की दुकान पर मैकेनिक का काम करते थे। वे रात करीब 10 .30 बजे दुकान मालिक बख्शीश सिंह के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। रास्ते में उनके पीछे से बाइक पर आए प्रिंस पुत्र जसपाल व मंगल पुत्र लखबीर सिंह निवासी डबवाली ने उसके पिता व बख्शीश सिंह को गाली दी।
इसका विरोध किया तो बाइक रोककर झगड़ा करने लगे और अपने दो और साथियों जीवन पुत्र दर्शन सिंह व आकाशदीप उर्फ काशी निवासी को बुला लिया। आरोप है कि चारों ने गुरबचन सिंह और बख्शीश सिंह पर हमला कर दिया। जीवन ने लोहे की रॉड मैकेनिक गुरबचन सिंह की गर्दन पर वार किए। आसपास के राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। घायल बख्शीश सिंह खुद गुरबचन को लेकर अस्पताल गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उनकी तलाश की जा रही है। अस्पताल में उपचाराधीन बख्शीश सिंह ने बताया कि हमलावरों से उनकी कोई जान पहचान नहीं है और न ही किसी प्रकार की रंजिश।