शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए पुलिस की व्यवस्था चाक-चौबंद रही
फोटो - 40
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। चौटाला पैक्स यानी प्राथमिक कृषि साख समिति का बुधवार को प्रधान और उपप्रधान पद का चुनाव हुआ। शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए पुलिस की व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
प्रधान पद के लिए मनफूल स्वामी का नाम पैक्स सदस्य मुकेश गोदारा की ओर से प्रस्तावित किया गया। प्रस्ताव रखने के तुरंत बाद उपस्थित सभी दस सदस्यों ने हाथ उठाकर समर्थन व्यक्त किया। इस प्रकार मनफूल स्वामी को सर्वसम्मति से नवनिर्वाचित प्रधान घोषित किया गया। उनके निर्विरोध चयन पर सदस्यों ने खुशी जताई और उन्हें बधाई दी।
इन चुनावों के दौरान गांव के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। इन चुनावों में सरपंच सुभाष चंद्र बिश्नोई, दयाराम उलाणिया, मनफूल काली राणा, राजेंद्र काली राणा, हनुमान नम्बरदार, पूर्व सरपंच तेजा ओमप्रकाश और रामचंद्र पुनिया शामिल थे। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और समिति के विकास के लिए सहयोग की अपील की।
बहुमत के आधार पर सुभाष नेहरा बने उप प्रधान
इसके बाद उपप्रधान पद के लिए चुनाव हुआ। इस पद के लिए सुभाष नेहरा (तेजा खेड़ा) का नाम पैक्स सदस्य रोहतास कड़वासरा ने प्रस्तावित किया। चर्चा के दौरान चार सदस्यों ने विरोध जताया, जबकि छह सदस्यों ने समर्थन किया। बहुमत के आधार पर सुभाष नेहरा को उपप्रधान निर्वाचित घोषित किया गया। जानकारी के अनुसार नवनिर्वाचित प्रधान और उपप्रधान दोनों ही कांग्रेस नेता कुंवरवीर हिटलर के समर्थित उम्मीदवार माने जा रहे हैं।
समिति के हित के लिए करेंगे कार्य : प्रधान मनफूल स्वामी
नवनिर्वाचित प्रधान मनफूल स्वामी ने कहा कि वे सभी सदस्यों को साथ लेकर समिति के हित में कार्य करेंगे और किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। उपप्रधान सुभाष नेहरा ने भी भरोसा दिलाया कि वे समिति और किसानों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। चुनाव प्रक्रिया के शांतिपूर्ण संपन्न होने से क्षेत्र में संतोष का माहौल बना हुआ है। सभी की नजरें अब समिति के आगामी विकास कार्यों पर टिक गई हैं।