- 5.30 लाख रुपये की लागत से लगाया टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले व खासतौर पर डबवाली क्षेत्र के किसानों और बागवानों के लिए राहत भरी खबर है। अबूबशहर में अनाज मंडी के साथ-साथ किन्नू, फल और सब्जी मंडी का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। मंडी के निर्माण को लेकर मार्केटिंग बोर्ड ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे लंबे समय से चली आ रही किन्नू मंडी की मांग अब पूरी होने जा रही है।
सिरसा जिले में किन्नू उत्पादन बड़े पैमाने पर किया जाता है, लेकिन अलग मंडी न होने के कारण किसानों को अपनी उपज अन्य शहरों में ले जाकर बेचनी पड़ती थी। इससे उन्हें अतिरिक्त परिवहन खर्च उठाना पड़ता था और उचित मूल्य भी नहीं मिल पाता था। नई मंडी बनने से किसानों को अपनी उपज स्थानीय स्तर पर ही बेचने की सुविधा मिलेगी।
अलग से होगी व्यवस्था
प्रस्तावित मंडी में अनाज के साथ-साथ किन्नू, फल और सब्जियों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जाएंगी। मंडी में आधुनिक ढांचे, नीलामी प्लेटफॉर्म, गोदाम, शेड, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे व्यापारियों और किसानों दोनों को लाभ मिलेगा। किसानों के अनुसार किन्नू के लिए अलग मंडी बनने से उन्हें बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है। साथ ही, बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और मंडी व्यवस्था पारदर्शी बनेगी। मंडी के बन जाने से न केवल किसानों की आमदनी बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। इससे अबूबशहर को कृषि और बागवानी के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कोट्स
मंडी को विकसित करने को लेकर एस्टीमेट के अनुरूप टेंडर लगाया गया है। टेंडर खुलने के बाद ही आगामी प्रक्रिया को अमल में लाया जाएगा।
-तरुण सिहाग, एक्सईएन, मार्केटिंग बोर्ड