संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जेजे कॉलोनी से 15 वर्षीय लड़की को भगाने वाले आरोपी मंगलामुखी को पुलिस ने काबू कर लिया है। मंगलामुखी समाज के लोगों ने लड़की व आरोपी को पुलिस के हवाले किया है। अब पुलिस लड़की के बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई करेगी।
शुक्रवार को जेजे कॉलोनी निवासी सुमन ने एक मंगलामुखी पर उसकी बेटी को भगाकर ले जाने के आरोप लगाए थे। इस दौरान मंगलामुखी ने लड़की का जेंडर बदलकर उससे शादी करने की चेतावनी देने की भी बात कही थी। ऐसे में मंगलामुखी समाज के लोगों को इस मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने उक्त मंगलामुखी की तलाश करनी शुरू कर दी। इसके बाद वे लड़की व उक्त मंगलामुखी को लेकर सिरसा की जेजे कॉलोनी चौकी में पहुंचे और पुलिस के हवाले कर दिया। समाज के प्रमुख संजू महंत ने आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में कई ऐसे लोग नकली मंगलामुखी बन कर शहर में माहौल खराब कर रहे हैं। कई युवक लड़कियों के कपड़े पहनकर मंगलामुखी का काम करना शुरू कर देते। इससे उनकी बदनामी होती है। जब उन्हें इस मामले की सूचना मिली तो उन्होंने उक्त मंलगामुखी का वीडियो और फोटो बनाकर समाज के ग्रुपों में डाल दिया। इसके बाद उन्हें उक्त मंगलामुखी की जानकारी मिली। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि शहर में नकली मंगलामुखी बनकर घूम रहे लोगों पर कार्रवाई की जाए।
मंगलामुखी समाज के लोग ही लड़की और उक्त मंगलामुखी को लेकर चौकी में पहुंचे। लड़की के बयान होने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभी तक लड़की और मंगलामुखी के दोस्त होने की जानकारी मिली है। इसके संबंध में उन्हें शिकायत दी गई थी। - राजबाला, जेजे कॉलोनी चौकी प्रभारी, सिरसा।