तारा जी कुटिया में उमड़ा आस्था का सैलाब, 500 ड्रोन से सजा शिवमय आकाश
फोटो - 22,23
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। श्री बाबा तारा जी कुटिया के श्री तारकेश्वरम धाम में महाशिवरात्रि पर शिव अमृत महोत्सव श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रात नौ बजे आयोजित भव्य ड्रोन प्रदर्शन रहा।
500 आधुनिक ड्रोन के माध्यम से आकाश में भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों तथा बाबा तारा जी की आकृतियां उकेरी गईं। करीब आठ मिनट तक चले इस प्रदर्शन को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा वातावरण शिवभक्ति से सराबोर हो गया।
कुटिया परिसर में स्थापित 108 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा के समक्ष हजारों दीपकों की रोशनी के बीच दिव्य शिव महाआरती आयोजित की गई। उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर से आए कलाकारों तथा देहरादून के दल ने डमरू वादन की प्रस्तुति दी।
पार्श्व गायक लक्ष्य शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। श्री बाबा तारा जी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने परिवार तथा कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाआरती संपन्न की।
मुख्य सेवक गोबिंद कांडा के संयोजन में विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई जो सुबह से रात 11 बजे तक चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते रानियां रोड सहित कुटिया की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिरसा की पावन धरती पर भगवान शिव और बाबा तारा जी के आशीर्वाद से हर वर्ष ऐसे भव्य आयोजन होना सौभाग्य की बात है।
इस अवसर पर प्रमुख उद्योगपति राकेश बिंदल, हिमांशु बिंदल, सरस्वती कांडा, सरिता कांडा, संगीता कांडा, सुमन कंदोई, गोविन्द अग्रवाल, कोकिला अग्रवाल, मन्नू कांडा आदि मौजूद रहे।
शिवालयों में गूंजे बम-बम भोले के जयकारे
संवाद न्यूज एजेंसी
डिंग मंडी। सावन माह की महाशिवरात्रि के अवसर पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर क्षेत्र में पहुंचे कांवड़ियों का ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और भजनों के साथ स्वागत किया। कांवड़ियों के गांव पहुंचते ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बन गया और जगह-जगह ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे।
कांवड़िये गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों में पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। शाम से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्री शिवकांत शास्त्री ने बताया कि हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटे श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक
फोटो 15 व 16
संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। शिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार रात रोड़ी के मेन बाजार स्थित संकट मोचन श्री हनुमान मंदिर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्री शिव कांवड़ संघ के 35 कांवड़िये कांवड़ लेकर रात करीब नौ बजे मंदिर परिसर पहुंचे।
कांवड़ियों के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। इस दौरान डीजे की धार्मिक धुनों पर कांवड़िये नाचते हुए मंदिर तक पहुंचे। भक्तों ने गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार किया। पूरा बाजार और मंदिर परिसर ‘बोल बम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
मंदिर पहुंचने के बाद पंडित कृष्ण मुरारी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई और कांवड़ियों द्वारा लाए गए गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक कराया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्री शिव कांवड़ संघ के तत्वावधान में बुधवार शाम गांव रोड़ी से 35 श्रद्धालु दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे।