संबच्चे को चींटियां काटने के मामले में सीएमओ ने मांगी रिपोर्ट संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सिविल अस्पताल के निक्कू वार्ड में दाखिल 4 दिन के बच्चे के शरीर पर चींटियां काटने के मामले में सीएमओ व पीएमओ ने निक्कू वार्ड इंचार्ज बाल रोग विशेषज्ञ से जवाब मांगा है। साथ ही स्टाफ की ओर से सफाई के तौर पर निक्कू वार्ड में सफाई करते व शिशु बेड पर लक्ष्मण रेखा खींचते का वीडियो जारी किया है।
वीडियो में नर्स ये सब करते दिख रही है ताकि चींटियों को आने से रोका जा सके। डॉक्टरों के मुताबिक, एक वजह ये भी मानी जा रही है कि अस्पताल के निक्कू वार्ड की बिल्डिंग बहुत पुरानी है। इसमें चींटियों ने हल्के सुराग बना रखे हैं। उन्हीं में से चींटियां आती-जाती रहती हैं। बाकायदा हर रोज लक्ष्मण रेखा खींची जाती है और सफाई करवाई जाती है।
इस मामले के बाद डॉक्टरों का दावा है कि बच्चा स्वस्थ है और कुछ देर बाद मां ने संभाल लिया था। आगे से रोजाना ध्यान रखा जाएगा। अब सवाल ये हैं कि उस समय निक्कू वार्ड में जिन स्टाफ की ड्यूटी थी। क्या वे देख नहीं पाए या लापरवाही बरती है।
वीडियो से साफ पता चल रहा है कि चींटियां शिशु के बेड पर मिली हैं। इसका पता लगाना आवश्यक है कि उस रात स्टाफ ने लक्ष्मण रेखा खींची थी या नहीं या फिर स्वीपर ने बिना देखे उसे साफ कर दिया। इसी पर सीएमओ ने रिपोर्ट तलब की है।
अभी किसी स्टाफ पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। निक्कू वार्ड में शिशुओं को दूध पिलाने के लिए स्तनपान करवाने आने वाली महिलाओं के लिए अलग से व्यवस्था नहीं है। गायनी ओपीडी के पास स्तनपान की व्यवस्था है, पर ये निक्कू वार्ड उससे काफी दूर है।
जिन नवजात या शिशुओं को निक्कू वार्ड में रखा जाता है उनको बार-बार उनकी मां दूध पिलाने आती है। उनके लिए ही अलग से व्यवस्था नहीं है। ऐसे में महिलाओं को चुन्नी या पर्दे लगाकर दूध पिलाना पड़ता है।
इस पर पीएमओ डॉ. आरके दहिया का कहना है कि जल्द ही इसकी व्यवस्था करवाई जाएगी ताकि स्तनपान कराने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना न पड़े। अगले सप्ताह तक अलग से व्यवस्था की जाएगी।