सिरसा में तारा बाबा कुटिया में कथा सुनाते प्ंडित प्रदीप मिश्रा।
सिरसा। सीहोरवाले कथावाचक-आध्यात्मिक गुरु पंडित प्रदीप मिश्रा महाराज ने कहा कि भगवान शंकर अपने भक्तों की धैर्य और संयम की परीक्षा लेते हैं। बाद में खुशियों से उसकी झोली भी देते हैं। उन्होंने कहा कि शिवपुराण कहता है कि हर घर में शिवलिंग होना चाहिए जिसकी रोज पूजा हो और उस पर जल चढ़ाया जाए तो हर परेशानी दूर होती है। जब भी कोई कष्ट आए शिवलिंग पर चढ़ा जल सेवन कर लो, शत प्रतिशत लाभ होगा। भक्त की भगवान शिव के प्रति आस्था, विश्वास, दृढ़ता होनी चाहिए।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने बाबा तारा कुटिया परिसर में सत्संग पंडाल में आयोजित श्री शिव पुराण कथा के छठें दिन श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। कथा में दिल्ली के प्रमुख उद्योगपति हिमांशु बिंदल, सुमन कंदोई, सुशीला कांडा नारंग, पुनीत नारंग, राहुल गोयल, दया गोयल, कोकिला अग्रवाल, संस्कृति कांडा आदि मौजूद थे।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि देवों के देव महादेव संपूर्ण विश्व का कल्याण करते हैं, कथा श्रवण कर रहे श्रद्धालु भाग्यशाली हैं कि उन्हें श्री बाबा तारा जी की तपोस्थली में बैठकर सुनने को मिल रही है। समुद्र मंथन में जब अमृत मिला तो देवताओं ने ले लिया और शिव को विष मिला तो उन्होंने पी लिया, विष मिलने पर भी शिव ने शोर नहीं मचाया क्योंकि शिव ने विषपान भी विश्व के कल्याण के लिए किया था।
उन्होंने कहा कि रावण न सभी देवताओं को बंधक बना लिया था सिवाय शिव को छोड़कर क्योंकि रावण को पता चल गया था कि शिव ही भक्त और पापी दोनों को तारता है। उन्होंने कहा कि कलयुग में सबसे ज्यादा आनंद है। पहले ऋषि मुनि हजारों साल भक्ति करते थे, तब कही जाकर उन्हें भगवान का आशीर्वाद मिलता था। आज एक लोटा जल चढ़ाओं भगवान का तत्काल आशीर्वाद मिलता है। अगर दिल से कथा सुनी तो शिव तुम्हें खाली हाथ नहीं जाने देगा।