सिरसा। गर्मी के कारण जिले में बिजली की खपत पहले से काफी बढ़ गई है। लोड बढ़ने के कारण अब बिजली के लंबे-लंबे कट लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही 20 ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ चुके हैं। बस स्टैंड स्थित बिजली सुविधा केंद्र में अब हर रोज शिकायतों की संख्या 250 तक पहुंच चुकी है। इसमें 20 से अधिक शिकायतें ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ने व तारें टूटने की आ रही है। इसके कारण लोगों को घंटों गर्मी से परेशान होना पड़ रहा है।
जिले में अब अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच रहा है, जबकि उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। इसके साथ ही बिजली ट्रांसफार्मरों पर लोड भी पहले भी मुकाबले बढ़ गया है इसके कारण ट्रांसफार्मर भी अब जवाब दे रहे हैं। मंगलवार देर रात को सिरसा के खैरपुर, अग्रसैन कॉलोनी, सुभाष बस्ती, गोबिंद नगर, माल गोदाम रोड स्थित अन्य कई स्थानों पर बिजली गुल हो गई। कई स्थानों पर एक घंटे के पश्चात तो कई स्थानों पर दो घंटे बाद बिजली की सप्लाई शुरू हो पाई। बिजली गुल होने के कारण लोगों को रात के समय गलियों में टहलने पर मजबूर होना पड़ रहा है। हालांकि कॉलोनी वासियों की ओर से सुविधा केंद्र में मामले की शिकायत दी जाती है। इसके एक घंटे बाद बाद ही बिजली की सप्लाई शुरू हो पाती है।
ट्रांसफार्मर दे रहे जवाब, टूट रहे बिजली के तार
शहर सहित जिले में काफी क्षेत्रों में पुराने बिजली के तारें डाले हुए हैं। गर्मी और लोड बढ़ने के कारण अब तार जवाब दे रहे हैं। निगम की ओर से ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए अब कूलर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि तापमान सामान्य रह सके और लोगों को राहत मिल सके।
18 स्थानों के बदले ट्रांसफार्मर, 10 नए लगाए
लोगों को सुविधा देने के लिए निगम की ओर से 18 स्थानों पर स्थित 100 केवीए के ट्रांसफार्मरों को बदलकर वहां पर अब 200 केवीए के ट्रांसफार्मरों को लगाया गया है। वहीं जिन कॉलोनियों के ट्रांसफार्मरों पर क्षमता से अधिक लोड था, उन कॉलोनियों व बाजारों में 10 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसके चलते लोगों को इससे काफी राहत भी मिल रही है।
खैरपुर और अग्रसेन कॉलोनी वासियों की बढ़ी परेशानी
खैरपुर क्षेत्र और अग्रसेन कॉलोनी में मंगलवार रात्रि दो घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही। खैरपुर क्षेत्र निवासी भूपेंद्र सिंह, रमेश कुमार, गुरदयाल सिंह ने बताया कि बीते दस दिनों से बिजली की सप्लाई बार बार बाधित हो रही है। रात में बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण नींद भी खराब हो रही है। अग्रसेन कॉलोनी वासियों का कहना है रात के समय बिजली ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ने के कारण करीब डेढ़ से दो घंटे तक उन्हें इस परेशानी का सामना करना पड़ा।
वर्जन
लोड बढ़ने के कारण बिजली सप्लाई बाधित होने की जो शिकायतें आ रही है, उनका समय पर निपटारा किया जा रहा है। 18 स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता को बढ़ाया गया है, जबकि 10 नए ट्रांसफार्मरों को भी निगम की ओर से लगवाया गया है। गर्मी के कारण बिजली की खपत भी पहले से अधिक बढ़ी है। -मोहनलाल, एसडीओ, बिजली निगम सिरसा ।