सिरसा में आयोजित मेले में मौजूद स्ट्रीट वेंडर्स।
- फोटो : 1
डबवाली। नगर परिषद डबवाली में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने की। मेले का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।
एसएमआईडी मोनिका शर्मा और टीएफआई अनिल पांचाल ने बताया कि मेले में आमंत्रित 180 स्ट्रीट वेंडर्स में से 65 ने भाग लिया। विभिन्न बैंकों के सहयोग से 25 वेंडर्स के ऋण स्वीकृत किए गए जबकि 15 लाभार्थियों को मौके पर ही ऋण राशि प्रदान की गई। इसके अलावा 17 वेंडर्स के क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन स्वीकार किए गए।
मेले में डिजिटल भुगतान, वित्तीय साक्षरता और ऑनलाइन लेन-देन के बारे में जानकारी दी गई। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए लाभार्थियों को क्यूआर कोड और स्कैनर भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने स्वच्छता बनाए रखने का संदेश देते हुए वेंडर्स से अपने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहायता देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र वेंडर्स को योजना से जोड़ने की बात कही।