बडागुढ़ा। डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी गांव बप्पां निवासी मोहित खट्टर के 14 वर्षीय बेटे समक्ष की मृत देह डेरा की अमर सेवा मुहिम के तहत मेडिकल शोध कार्याें के लिए आदेश मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, भुच्चो मंडी, जिला बठिंडा को दान कर दी गई। समक्ष पिछले काफी समय अस्वस्थ चल रहा था।
मंगलवार देर सायं उसने अंतिम सांस ली। डेरा अनुयायी पवन मेहता ने बताया कि मोहित का पूरा परिवार लंबे समय से डेरा सच्चा सौदा से जुड़ा है। समक्ष को अंतिम विदाई देने के लिए उनके परिजन एवं रिश्तेदार व गणमान्य लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में शाह सतनाम ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सदस्य पहुंचे।
समक्ष की मृत देह को फूलों से सजी गाड़ी में पुष्पवर्षा एवं नारों के बीच रवाना किया गया। उसकी अंतिम यात्रा गांव में मुख्य बाजार, बस स्टैंड व विभिन्न गलियों से होकर गुजरी। समक्ष गांव बप्पां का 5वें शरीरदानी बने हैं। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज से पहुंचे डॉ. मंदीप सिंह देयोल ने कहा कि शरीर दान जैसा महान कार्य कर मेडिकल कॉलेज के लिए शोध कार्याें की राह को काफी आसान कर दिया है। 14 वर्षीय बच्चे का शरीर दान कर देना कोई छोटी बात नहीं है। इस कार्य की वे प्रशंसा करते हैं।