संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव नाईवाला में ढाणी डिग्गी वाली में रहने वाले 15 ढाणियों के लोगों ने पेयजल सप्लाई न होने को लेकर रोष जाहिर किया। इनलोगों ने पंचायत व जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। हैरानी की बात है कि इन ढाणियों को बिना पेयजल सप्लाई के जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित रूप से बिल भेज जा रहे हैं। क्योंकि पेयजल लाइन बिछाने को लेकर परियोजना बनाई गई थी और सर्वे हुआ था। इसके बाद लाइन नहीं बिछी। लोगों ने आरोप लगाया कि जिस प्रकार से बिल भेजे जा रहे हैं, इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
ढाणी वासी जगदीश भक्त, जगजीवन, करमजीत, हेतराम, विनोद, मनोहर लाल, अनमोल, सतनाम सिंह व हवा सिंह ने बताया कि उनकी ढाणी गांव के जलघर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। जहां पर अभी तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति नहीं है। इस कारण उन्हें भूमिगत लवणीय खारा पानी पीना पड़ता है। इस कारण लोग जोड़ों के दर्द, बीपी, पेट दर्द जैसी कई बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। पीने के पानी के लिए उन्हें हर महीने 500 रुपये प्रति टैंकर खर्च करना पड़ता है। कई बार जलघर में पानी की कमी होने के चलते उन्हें जलघर से टैंकर तक नहीं भरने दिया जाता।
जहां कुछ परिवार पानी की किल्लत का सामना कर रहे हैं। वहीं गांव में दूसरी ओर हर घर पानी की सप्लाई नियमित रूप से चलती रहती है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर वे पिछले करीब 12 सालों से पूर्व सरपंच सगनलाल सेतिया, पूर्व सरपंच महेश सेतिया व मौजूदा सरपंच गुरभेज सिंह से कई बार मिले। तीन सरपंचों के कार्यकाल के दौरान अभी तक उनकी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा उनके पास की ढाणियों में स्वच्छ पेयजल की पाइप लाइन बिछा दी गई, लेकिन उनकी ढाणियों में अभी भी पानी नहीं पहुंचा।
विभाग तीन बार कर चुका है सर्वे
विभाग व सरपंच को बार-बार शिकायत करने पर विभाग के कर्मचारी तीन बार सर्वे कर चले गए। जन स्वास्थ्य एवं सिंचाई विभाग पर आरोप लगाते हुए बताया कि विभाग इतना लापरवाह है कि पिछले दो सालों से बिना पाइप लाइन व पेयजल आपूर्ति के उनके घरों के पानी के बिल जारी कर रहा है। हालांकि विभाग द्वारा न तो उनकी ढाणियों में कोई पाइप लाइन बिछाई गई है और न ही किसी अन्य माध्यम से उनके घरों तक भाखड़ा का पानी पहुंचाया है। उन्होंने संबंधित विभाग व ग्राम पंचायत से उनकी सभी ढाणियों में स्वच्छ पानी पहुंचाने की अपील की है। साथ ही विभागीय अधिकारियों व प्रशासन को चेताया है कि अगर उनकी मांग को नहीं सुना गया तो सभी ढाणियों के लोग एकत्रित होकर विभाग व सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे
डिग्गी ढाणियों में पीने के पानी की समस्या लंबे समय से है। इसके लिए ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव भेज रखा है। वहां पर ढाणियां दूर-दूर होने के कारण पाइप लाइन के लिए करीब 25 से 30 लाख का बजट चाहिए जो पंचायत के पास नहीं है। सरकार व विभाग की ओर से जैसे ही इसके लिए कोई बजट आता है तो सभी ढाणियों को पाइपलाइन बिछाकर पीने का स्वच्छ पानी मुहैया करवा दिया जाएगा। - गुरभेज सिंह, सरपंच नाईवाला।
करीब एक साल पूर्व जल जीवन मिशन की ओर से इन सभी ढाणियों का एस्टीमेट मांगा गया, जो स्केच व ढाणियों के मालिकों के कागजातों सहित विभाग को जमा करवा दिया गया था। अब विभाग का कार्य है। हमारी ओर से कोई कमी नहीं छोड़ी गई। अगर विभाग की ओर से कोई सूचना आती है तो हम उसी पर कार्य करेंगे। - रामप्रताप, पंप ऑपरेटर नाईवाला।
विभाग की ओर से ढाणियों में पाइपलाइन बिछाने का अभी तक कोई प्रावधान नहीं है और ना ही हमारे पास ऐसी कोई शिकायत आई है। रही बात ढाणियों में बिना पाइपलाइन व पेयजल आपूर्ति के पानी के बिल आने की तो उसके लिए सभी ढाणियों के लोग अपनी शिकायत विभाग के उच्चाधिकारियों को जरूर सौंपें। ताकि समस्या का समाधान किया जा सके। - सतवीर, जेई, जन स्वास्थ्य एवं सिंचाई विभाग सिरसा।