सिरसा। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन आदित्य देवीलाल चौटाला ने मंगलवार को डबवाली विधानसभा क्षेत्र के गांव बनवाला और जगमालवाली में खरीद केंद्रों का शिलान्यास किया। इन दोनों खरीद केंद्रों में गेहूं की फसल खरीद भी शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने गांव जंडवाला से लेकर और राजस्थान के बॉर्डर तक ढाई किलोमीटर लंबी सड़क का भी उद्घाटन किया। इस सड़क के निर्माण पर एक करोड़ 6 लाख 28 हजार रुपये की लागत आई है।
गांव बनवाला में पहुंचने पर ग्रामीणों ने चेयरमैन आदित्य देवीलाल चौटाला का ट्रैक्टर रैली निकालकर भव्य स्वागत किया। आदित्य देवीलाल ने कहा कि गांव बनवाला और जगमालवाली में लंबे समय से अनाज मंडी की मांग की जा रही थी। अब खरीद केंद्र शुरू होने से किसानों को फसल बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश के हर क्षेत्र का समान विकास कर रहे हैं। इसी तर्ज पर उन्होंने डबवाली विधानसभा क्षेत्र का भी पूरा ख्याल रखा है। किसानों के साथ-साथ भाजपा सरकार हर वर्ग पर ध्यान दे रही है। किसानों के लिए नई मंडियों का निर्माण कराया जा रहा है ताकि उनको फसल बेचने में कोई परेशानी न हो।