सिरसा। न्यायिक परिसर में एक युवक ने अधिवक्ता पर हमला कर दिया। पुलिस ने अधिवक्ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में अधिवक्ता प्रिंस ने बताया है कि बुटा कॉलोनी निवासी सुरेंद्र सिंह ने उसके खिलाफ एसपी ऑफिस में एक झूठी शिकायत दी थी। 12 मई को उसने उक्त शिकायत के संबंध में बयान दर्ज करवा दिया था। प्रिंस का कहना है कि इसी दिन शाम उसे व उसकी पत्नी अधिवक्ता चंचल रानी को मानसिक रूप से परेशान करने के लिए एक शिकायत जिला बार संघ सिरसा को दी गई।
14 मई को करीब सवा एक बजे वह न्यायिक परिसर में अपनी सीट पर बैठा था। इसी दौरान सुरेंद्र ने उसका गला दबाने की कोशिश और नुकीली चीज से उसपर हमला कर दिया। आसपास मौजूद अधिवक्ताओं ने उसे छुड़ाया। इसके कुछ देर बाद सुरेंद्र ने उसके क्लर्क पुनीत शर्मा को मोबाइल पर धमकी दी कि तेरा वकील जहां भी अकेला मिलेगा उसका सिर फोड़ दूंगा।
प्रिंस का आरोप है कि सुरेंद्र पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं, वह तीन-चार बार जेल जा चुका है। जांच अधिकारी सुभाष का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।