सिरसा। जिले के सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों की तरह बेहतर सुविधा देने के लिए खंड स्तर पर खोले गए राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में अभी विद्यार्थियों का रुझान कम ही दिख रहा है। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों पहली से नौवीं कक्षा में दाखिले के लिए 1 मई को अंतिम दिन है।
जिले के सात स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिले के लिए अध्यापक ऑनलाइन प्रचार कर रहे हैं, लेकिन 9 और 11वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम न आने के कारण विद्यार्थी दाखिले के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। इसलिए 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए 4 मई तक का समय बढ़ाया गया है। जिले के सात खंडों में स्थित मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया के दूसरे चरण का शनिवार को अंतिम दिन है। शुक्रवार तक जिले के सातों स्कूलों में 1020 विद्यार्थियों के दाखिले हो चुके हैं। पहली से नौंवी व 11वीं कक्षा में अंग्रेजी माध्यम से दाखिला लेने के लिए अध्यापक ऑनलाइन व पंपलेट के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक करने में लगे हैं।
बैग फ्री कर अंग्रेजी माध्यम से होगी पढ़ाई
शिक्षा निदेेशालय के आदेश अनुसार राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को बैग फ्री कर अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाने के लिए सभी कक्षाओं में एक अतिरिक्त अंग्रेजी माध्यम का सेक्शन बना कर पढ़ाया जाएगा। स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र से पहली व दूसरी कक्षा में पूरी तरह से अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई के लिए सेक्शन बनाया जाएगा। उसी स्कूल में पढ़ने वाले हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों से अंग्रेजी माध्यम में जाने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। अंग्रेजी माध्यम से पढ़ने वाले अन्य स्कूल से आए विद्यार्थियों से प्रति माह फीस ली जाएगी। ये फीस भी स्कूल के विकास पर ही खर्च होगी।
शिक्षा निदेशालय द्वारा राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में पहली से नौंवी व 11वीं कक्षा के दूसरे चरण के दाखिलों के लिए 1 मई तक का समय दिया था, लेकिन नौवीं और 11वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल को जारी होने के कारण 11वीं कक्षा में दाखिला लेने के लिए 4 मई तक का समय बढ़ा दिया गया है। दसवीं कक्षा से प्रमोट हुए विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी माध्यम में दाखिला लेने के लिए 50 प्रतिशत का कोटा रखा गया है।
स्कूल का नाम विद्यार्थियों की संख्या
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डबवाली 188
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाथूसरी चोपटा 57
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऐलनाबाद 137
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल बप्पां 180
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिरसा 336
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल कालांवाली 87
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल रानियां 35
विद्यार्थियों का अलग होगा ड्रेस कोड
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाने वाले अध्यापकों को नियुक्त किया गया है। स्कूल में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों की वर्दी भी अलग होगी। विद्यार्थियों के गले में आई कार्ड व टाई लगी होगी। इसके अलावा बैठने के लिए ड्यूल डेस्क, आधुनिक कंप्यूटर लैब व खेलों का सामान दिया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा मॉडल संस्कृति स्कूलों के लिए अलग से बजट जारी किया जाएगा।
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूलों पहली से नौवीं कक्षा में दाखिले का 1 मई अंतिम दिन है। वहीं 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए 4 मई तक का समय बढ़ाया गया है। - बूटाराम, जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान व नोडल अधिकारी मॉडल स्कूल सिरसा