सिरसा।राजकीय महिला महाविद्यालय में स्थापित इग्नू सेंटर
सिरसा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की ओर से दिसंबर - 2025 में आयोजित की जाने वाली टर्म एंड एग्जामिनेशन के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इग्नू स्टडी सेंटर 1085, राजकीय महिला महाविद्यालय में विद्यार्थी अपने परीक्षा फाॅर्म विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भर सकते हैं।
पोर्टल 20 अक्तूबर तक बिना लेट फीस के साथ खुला रहेगा, जिसके बाद विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इग्नू की दिसंबर- 2025 परीक्षाएं एक दिसंबर से 14 जनवरी तक आयोजित की जाएंगी। यह तिथियां संभावित हैं और परीक्षा केंद्रों की संख्या एवं क्षेत्रीय परिस्थितियों के अनुसार इनमें परिवर्तन भी हो सकता है। विद्यार्थी समय पर परीक्षा फॉर्म भरकर अपनी तैयारी को अंतिम रूप दें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
विद्यार्थी ध्यान से चुने परीक्षा केंद्र, नहीं हो बदलाव
विद्यार्थी परीक्षा केंद्र चुनते समय यह सुनिश्चित करें कि चयनित केंद्र सुविधाजनक और पहुंच योग्य हो। एक बार परीक्षा केंद्र चुन लेने के बाद उसमें परिवर्तन तभी संभव होगा जब विश्वविद्यालय की ओर से विशेष अनुमति दी जाए। परीक्षा फाॅर्म भरने के बाद हॉल टिकट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर परीक्षा से 10 से 15 दिन पहले जारी किए जाएंगे। हॉल टिकट डाउनलोड करने के बाद विद्यार्थी को उसकी प्रति परीक्षा केंद्र पर ले जानी अनिवार्य होगी।
असाइनमेंट की तिथि विवि करेगा निर्धारित
इग्नू स्टडी सेंटर 1085 के असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतपाल ने बताया कि परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को तय तिथि तक अपने असाइनमेंट जमा करना आवश्यक है। असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित की जाएगी। जिन विद्यार्थियों ने अपने कार्यक्रमों के अंतर्गत निर्धारित न्यूनतम अवधि पूरी नहीं की है, वे परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे। प्रत्येक पाठ्यक्रम के प्रावधानों के अनुसार विद्यार्थियों को आवश्यक पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी।
असाइनमेंट जमा करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि परीक्षा में बैठने की अनिवार्य शर्त है। असाइनमेंट मूल्यांकन के बाद ही विद्यार्थी का हॉल टिकट जारी किया जाएगा। इसीलिए विद्यार्थियों को समय रहते असाइनमेंट तैयार कर अपने अध्ययन केंद्र में जमा करने की सलाह दी गई है।