संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अनुबंध पर कार्यरत लैब अटेंडेंट ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले पुलिस को दिए बयान में लैब अटेंडेंट ने गांव खाईशेरगढ़ के सरपंच राहुल गोदारा (मोनू) पर आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया। पुलिस ने बयान के आधार पर राहुल गोदारा (मोनू) के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मरने से पहले पुलिस को दिए बयान में 38 वर्षीय मलकीत सिंह ने बताया कि 3 मार्च को रात करीब साढ़े 9 बजे उसके पास सरपंच राहुल का फोन आया, जिसने उसने उसे जान से मारने की धमकी दी। सरपंच की धमकी से डरकर 4 मार्च को उसने घर में ही कीटनाशक का सेवन कर लिया। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए। हालांकि मलकीत ने पुलिस को दिए बयान में इस बात का जिक्र नहीं किया कि सरपंच ने उसे किस बात को लेकर धमकी दी थी। दूसरे दिन 5 मार्च को उपचार के दौरान मलकीत की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मलकीत सिंह गांव के ही सरकारी स्कूल में अस्थायी लैब अटेंडेंट था। वह विवाहित था और उसके 3 बच्चे हैं। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने सरपंच राहुल गोदारा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।