संवाद न्यूज एजेंसी
बडागुढ़ा। बडागुढ़ा पंचायत समिति के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के चुनाव एसडीएम कालांवाली की देखरेख में वीरवार को बीडीपीओ कार्यालय में संपन्न हुए। चेयरमैन पद के लिए सर्वसम्मति हुई तो वहीं वाइस चेयरमैन के लिए वोटिंग हुई। इस दौरान कुलवंत कौर झोरड़रोही को चेयरपर्सन चुना गया, तो पूर्व सरपंच अंग्रेज सिंह वाइस चेयरमैन बने।
ब्लॉक समिति सदस्यों ने पूर्व चेयरमैन मंजीत कौर सरां व वाइस चेयरमैन गुरदेव सिंह गुदर पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद 23 दिसंबर 2024 को सभी सदस्यों ने चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के खिलाफ वोटिंग करते हुए उन्हें पदों से हटा दिया था। वीरवार को बडागुढ़ा के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में दोनों पदों के लिए फिर से चुनाव हुए। इस दौरान कालांवाली के एसडीम सुरेश रवीश, नायब तहसीलदार कंवरपाल सिंह व पुलिस बल मौजूद रहा। चुनाव में पंचायत समिति के 22 सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी मौजूद रहे।
पंचायत समिति चेयरमैन पद लिए कुलवंत कौर झोरड़रोही ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान किसी अन्य द्वारा नामांकन न भरने के चलते उन्हें सर्वसम्मति से चेयरपर्सन चुन लिया गया। वाइस चेयरमैन पद के लिए पूर्व अंग्रेज सिंह साहुवाला प्रथम और गुरदेव सिंह गुदर ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद वोटिंग हुई। वोटिंग में पूर्व उपप्रधान गुरदेव सिंह को 6 वोट और अंग्रेज सिंह को 16 वोट मिले। इस प्रकार उन्होंने वाइस चेयरमैन की कुर्सी हासिल की।
चुनाव के बाद नवचयनित चेयरमैन व वाइस चेयरमैन को पंचायत समिति सदस्यों व उनके समर्थकों ने फूल मालाएं पहनाकर व मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। नवचयनित सदस्यों ने सभी समिति सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा और समान रूप से विकास कार्य करवाएं जाएंगे।
::::::::::::::::::::::::::::
पूर्व उपप्रधान बोले- कांग्रेस का साथ दिया तो राजनीति खेल करके हटाया
चुनावों के दौरान पूर्व चेयरमैन मंजीत कौर सरां मौजूद रहीं, लेकिन वे अपना वोट डालकर तुरंत वहां से निकल गईं। पूर्व वाइस चेयरमैन गुरदेव सिंह गुदर ने हार के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हेंं राजनीतिक षड्यंत्र के तहत पद से हटाया गया। उन्होंने व चेयरमैन ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शीशपाल केहरवाला का समर्थन किया था। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह देसूजोधा ने राजनीतिक ईष्या के चलते पंचायत समिति सदस्यों को अपने पक्ष में कर उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित करवा दिया। उन्होंने कहा कि हार-जीत तो होती रहती है। क्या पता अगले वर्ष उनके खिलाफ भी अविश्वास जता दिया जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया।
::::::::::::::::::::::::::
डिस्पोजल कप से शुरू हुआ था विरोध
जनवरी 2023 में पंचायत समिति के चुनाव हुए थे। इसमें मंजीत कौर सरां सुखचैन को चेयरमैन व गुरदेव सिंह गुदर बडागुढ़ा को वाइस चेयरमैन चुना गया था। कुछ ही समय बाद दोनों के खिलाफ विरोध उत्पन्न हो गया। समिति सदस्यों ने उन पर भेदभाव करने और विकास कार्य न करवाने के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि चेयरमैन व वाइस चेयरमैन स्वयं तो स्पेशल कप में चाय पीते थे, जबकि उन्हें डिस्पोजल कप दिए जाते थे। इसके बाद सभी सदस्यों ने दिसंबर 2024 में उपायुक्त दोनों सदस्यों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर हटाने की मांग की थी।