महिलाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित करते हुए संस्थान के सदस्य।
कालांवाली। जन शिक्षण संस्थान सिरसा की ओर से कालांवाली में संचालित मॉडल केंद्र में मंगलवार को स्वच्छता सप्ताह के तहत मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्रा कोमल ने प्रथम स्थान, सोनिया गोयल ने द्वितीय व पुनिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सहायक कार्यक्रम अधिकारी महेश कुमार की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड 14 की पार्षद भावना शर्मा व समाजसेवी राम गोपाल काला ने मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत की। जबकि समाजसेवी गोबिंद शर्मा व कृष्ण जिंदल ने विशेष तौर पर शिरकत की। वहीं जन शिक्षण संस्थान के जिला निदेशक धर्मपाल गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता में संगीता अरोडा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में विजेता छात्राओं व स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत अपने-अपने शहर व गांव में व आस-पास के एरिया में स्वच्छता के प्रति अपना योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
निदेशक धर्मपाल गर्ग ने बताया कि जन शिक्षण संस्थान के अंतर्गत जिलेभर में करीब 100 केंद्र संचालित हो रहे हैं। यहां पर महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई, कंप्यूटर, पेंटिंग, मेहंदी, ब्यूटीशियन, फूड प्रोसेसिंग इत्यादि कई प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाता है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका परमजीत कौर ने महिलाओं को ब्यूटीशियन संबंधी प्रशिक्षण दिया। जबकि शिक्षिका चरणजीत कौर ने महिलाओं को सिलाई व कढ़ाई संबंधी प्रशिक्षण दिया।