ओढ़ां थाना क्षेत्र के गांव खाईशेरगढ़ में खुलने जा रहे शराब ठेके के विरोध में महिलाएं लाठियां लेकर ठेके पर आ धमकीं। मौके की नजाकत को देखते हुए ठेकेदार ने पुलिस बुला ली। जहां काफी देर तक चली जद्दोजहद के बाद पुलिस ने ठेके पर एक बार को आगामी कार्रवाई तक ताला लगवा दिया है। वहीं, आक्रोशित लोगों का कहना था कि वे उक्त जगह पर ठेका नहीं खुलने देंगे।
खाईशेरगढ़ में खारिया रोड पर बने पुराने शराब के ठेके में सोमवार रात्रि ठेकेदार ने शराब की पेटियां रख दीं। इसकी भनक साथ लगते मोहल्ले में लोगों को लगी तो वे मौके पर पहुंच गए, जहां उनके रोष को देखते हुए कारिंदों ने पेटियां पुन: गाड़ी में डाल लीं। ग्रामीणों के अनुसार उक्त लोग मध्य रात्रि फिर शराब रखने फिर आ गए जहां लोगों ने दोबारा रोष जताया और शराब की पेटियां बाहर निकालकर ताला जड़ दिया। मंगलवार सुबह उस समय मामला गरमा गया जब ठेकेदार और अन्य लोग ठेके के कमरे में शराब की पेटियां रखने लगे। सूचना पाकर मोहल्ले की महिलाएं लाठियां लेकर ठेके पर आ धमकी और मोर्चा संभाल लिया। वहीं, महिलाओं की आवाज बुलंद करने के लिए अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। महिलाओं के हाथों में लाठियां देख ठेकेदार और उसके सहयोगियों ने पुलिस को सूचना देने में ही गनीमत समझी। सूचना पाकर थाना प्रभारी बलवंत जस्सू पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों से बातचीत की।
रोष व्यक्त कर रही कर रहे मीरा देवी, गुड्डी देवी, लुमा देवी, बिरमा देवी, सीमा देवी, मैना, दाखां देवी, कृष्ण कुमार, अभिमन्यु, भादर राम, ओमप्रकाश व भजन लाल आदि ने बताया की उक्त जगह ठेके को लेकर विगत वर्ष भी उन्होंने रोष जाहिर किया था क्योंकि वहां ठेका खुलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया की उक्त जगह से पानी का मुख्य खाल निकलता है जिस पर मोहल्ले की महिलाएं अक्सर कपड़े धोती हैं तथा महिलाएं इधर कूड़ा डालने के लिए भी जाती हैं। इसके अलावा ठेका उनके मोहल्ले के निकट होने के कारण शराबी लोग नशे में धुत होकर गाली-गलौच करते हैं तथा इधर-उधर पड़े रहते हैं। ऐसे में उन्हें शराबियों के कारण जिल्लत का सामना करना पड़ता है। लोगों की समस्या सुनने उपरांत थाना प्रभारी ने उन्हेें समझाया की कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में न लेकर आबकारी विभाग के अधिकारियों से मिलें।
उधर, ठेकेदार ने अपने लिए गए ठेके का हवाला देते हुए कहा कि उसने इसके पैसे भरे हैं। वहीं, मोहल्ले के लोगों ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा है कि वे उक्त जगह ठेका नहीं खुलने देंगे। लोगों की समस्या को लेकर थाना प्रभारी ने ठेकेदार को उक्त जगह की परमिशन दिखाने एवं लोगोें को वहां से ठेका दूर करवाने की डीटीसी से अनुमति पत्र लाकर दिखाने तक के लिए ठेके पर ताला लगा दिया।
लोगों का रोष अपनी जगह सही है, लेकिन ठेकेदार भी गलत नहीं हैं, क्योंकि विभाग ने उसे इसकी अनुमति दी है। लोगों के रोष के चलते ठेकेदार व ग्रामीणों को अपनी-अपनी अनुमति लाकर दिखाने तक के लिए फिलहाल ठेके पर ताला लगा दिया गया है। अनुमति पत्र के बाद ही ये स्पष्ट होगा की यहां ठेका खुलेगा या नहीं।
-बलवंत जस्सू, थाना प्रभारी ओढ़ां