संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। नुहियांवाली की श्रीराम भक्त हनुमान गोशाला में दुधारू गाय की खुली बोली रखी गई। बोली में साहीवाल, एचएफ व क्रॉस ब्रीड की तीन गायें रखी गईं।
गोशाला कमेटी ने इस विषय में सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी। गाय खरीदने के लिए सिरसा, फतेहाबाद व राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से कुल 25 खरीदार पहुंचे। वहीं, बोली को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बोली की शुरुआत साहीवाल नस्ल गंगा नामक गाय से हुई। पहली बोली 25 हजार के रूप में नुहियांवाली के लादूराम गढ़वाल ने लगाई। इसके बाद बोली दाताओं ने एक से बढ़कर एक बोली लगाई। ये गाय चिलकनी ढाब निवासी जोतराम सिहाग ने 90 हजार रुपये की सबसे अधिक बोली देकर खरीद ली।
वहीं, एचएफ नस्ल की गाय बचेर निवासी राहुल ने व एक क्रॉस ब्रीड गाय चकजालू निवासी प्रेम चंद माहर ने 45 हजार रुपये की बोली देकर खरीद ली। गोशाला प्रबंधन कमेटी के सदस्य प्रधान देवीलाल नेहरा व सुभाष बिजारणिया ने बताया कि गोशाला में नस्ल सुधार पर कार्य किया जा रहा है। इसके लिए सोनीपत से हरियाणा नस्ल का सांड़ लाया गया है। गोशाला में 728 गोवंश आश्रय पा रहे हैं।
इस अवसर पर कृष्ण कुकणा, ओमप्रकाश गोदारा, ख्याली राम ठेकेदार, सुभाष गोदारा, उदय सिंह राजपूत, मोहन बडजाती, राजेश नेहरा व अनिल गढ़वाल आदि मौजूद थे।