घटना के बाद दुकान में बाहर खड़े ग्रामीण।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
फोटो 21
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। गांव डबवाली के मुख्य बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारे के पास बनी एक डेयरी व बेकरी की दुकान में सोमवार देर रात आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आरोप है कि उधार सामान न देने पर हुए विवाद के बाद एक युवक ने दुकान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डेयरी संचालक सुक्खी ने बताया कि सोमवार रात दुकान बंद करते समय गांव का ही एक युवक उधार सामान लेने आया था। जब उसे उधार देने से मना किया गया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद युवक वहां से चला गया।
सुक्खी ने बताया कि देर रात उसे सूचना मिली कि उसकी दुकान में आग लग गई है। मौके पर पहुंचकर जब उसने शटर खोला तो अंदर धुआं और आग की लपटें उठ रही थीं। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक दुकान में रखा फर्नीचर, एलईडी, बेकरी का सामान, दो डीप फ्रीजर, दुग्ध मशीन व फेंट मशीन सहित लाखों रुपये का सामान जल चुका था।
सुक्खी ने बताया कि घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई जिसमें एक युवक दुकानें बंद होने के बाद पेट्रोल लेकर आता दिखाई दिया। उसने पहले पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया लेकिन आग नहीं लगी। इसके बाद वह दोबारा आया और दुकान में आग लगाकर भाग निकला।
थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि अज्ञात युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।