सिरसा। वर्ष 2024 में हुई हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) परिणामों में गंभीर धांधली के आरोपों की जांच सीबीआई से करवाने की मांग के लिए मंगलवार को युवा जननायक जनता पार्टी (जजपा) के बैनर तले नेताओं व कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद उपायुक्त को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
युवा जजपा के शहरी अध्यक्ष दीपक भाटिया कि हरियाणा में वर्ष 2024 में एचटेट का परिणाम घोषित किया गया। इसमें अनेक गंभीर अनियमितताएं एवं संदेहास्पद स्थितियां सामने आई हैं, जो परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। युवा जजपा ने इस प्रकरण की सीबीआई से जांच करवाने के पीछे इस सिलसिले में कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं की ओर भी राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट किया।
ज्ञापन में कहा गया कि जब एचटेट का परिणाम पूर्ण रूप से तैयार हो चुका था, तब उसे अचानक रिकॉल क्यों किया गया। इसके पीछे क्या कारण थे, यह आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। परीक्षा परिणाम जारी करने के लिए एक पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग को कार्य सौंपा गया, जबकि उक्त संस्था को इस प्रकार के परीक्षा परिणाम तैयार करने का कोई पूर्व अनुभव नहीं था।
स्पष्ट किया जाए कि किस आधार एवं किन मानकों पर उस संस्था का चयन किया गया। यह तथ्य अत्यंत चौंकाने वाला है कि प्रथम बार में परिणाम मात्र 30 दिनों में तैयार हो गया था, किंतु पुन: परिणाम तैयार करने में 110 दिन क्यों लग गए। इस अत्यधिक विलंब के लिए कौन जिम्मेदार है। नए घोषित परिणाम में त्रुटि के मार्जिन के आधार पर 1284 नए अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण घोषित कर दिया गया, जबकि इन अभ्यर्थियों का परिणाम हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर भी जारी नहीं किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा, जेजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रधान महासचिव राधेश्याम शर्मा, जेजेपी जिला कार्यालय प्रभारी हरिसिंह भारी जेजेपी जिला प्रेस प्रवक्ता अमर सिंह ज्याणी व सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो
ज्ञापन में कहा गया है कि लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़े इस अति संवेदनशील मामले में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की ओर से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाना अत्यंत आवश्यक है। ज्ञापन में राज्यपाल से आग्रह किया गया कि सीबीआई से जांच कराने के निर्देश दें ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो।