संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जाट धर्मशाला सभा ने मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया है। यह फैसला प्रधान मोहन लाल झोरड़ की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में लिया गया।
सभा सरकारी संस्थानों से नीट और आईआईटी में प्रवेश पाने वाले जाट समाज के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त, 10वीं और 12वीं कक्षा में 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी पात्र होंगे। इच्छुक छात्र 20 अगस्त तक अपने आवेदन जाट धर्मशाला में जमा करा सकते हैं।
छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। बैठक में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने पर भी सहमति बनी। जाट धर्मशाला में सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने सहित अन्य विकास कार्यों पर भी विचार-विमर्श हुआ।