आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गोल्ड लोन स्थानांतरण के नाम पर एक वित्त कंपनी से 17 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अजय सिंह को गिरफ्तार किया है। वह गांव नथौर, सिरसा का रहने वाला है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि बरनाला रोड स्थित बजाज गोल्ड लोन शाखा में कार्यरत विजय शर्मा ने शिकायत दी थी।
शिकायत के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को अजय सिंह अपना गोल्ड लोन स्थानांतरण करवाने आया था। उसका पहले एक अन्य गोल्ड वित्त कंपनी में करीब 17 लाख रुपये का ऋण चल रहा था। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 मई 2026 को कंपनी ने पुराना ऋण बंद करने के लिए 17 लाख रुपये अजय के बैंक खाते में स्थानांतरित किए।
अजय ने पुरानी कंपनी का ऋण तो चुका दिया परंतु उसने नियमानुसार गिरवी रखा सोना नई शाखा में जमा नहीं कराया। कंपनी के अधिकारियों ने कई बार अजय से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से कंपनी के साथ धोखाधड़ी की थी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान मंगलवार को पुलिस ने अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।