सिरसा के चर्चित रणजीत सिंह हत्याकांड के दोषी जसबीर सिंह की रविवार देर शाम को मोहाली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार देर रात को उसका शव सिरसा लाया गया। जहां पर आज उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि वह कुछ दिन पहले ही अंबाला जेल से पैरोल पर आया था। पैरोल पर आने के बाद वह उतरप्रदेश में अपनी खानदानी जमीन देखने के लिए गया था।
जहां पर उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह सिरसा लौट आया। सिरसा आने के बाद भी उसके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और उसे परिजन मोहाली के निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए। जहां पर रविवार देर शाम को उसकी मौत हो गई। जानकारो की मानें तो जसबीर को डेंगू हो गया था और डेंगू के कारण ही उसकी मौत हुई है।
यह है मामला
10 जुलाई 2002 को डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन समिति के सदस्य रहे रणजीत सिंह की हत्या कर दी गई थी। वह कुरुक्षेत्र में अपने घर से कुछ दूरी पर खेतों में काम कर लेबर को चाय देकर वापस लौट रहा था। हत्यारों ने गोलियां मारकर रणजीत सिंह की हत्या को अंजाम दिया था और मौके से कार में सवार होकर भाग गए थे।
जानकारी के अनुसार साध्वी मामले में रणजीत सिंह पर डेरा प्रबंधन ने गुमनाम चिट्ठी सरकार को साध्वियों से लिखवाने का शक जताया था, क्योंकि रणजीत सिंह की बहन भी डेरे में साध्वी रही थी। बंधन के साथ मनमुटाव होने के बाद रणजीत सिंह ने डेरा छोड़ दिया था। बता दें कि गुरमीत राम रहीम के साथ जसबीर, अवतार, सबदिल , कृष्ण लाल को हाईकोर्ट ने दोषी करार दिया था। अक्तूबर 2021 में सभी को कोर्ट ने उम्र कैद की सजा सुनाई थी और अंबाला जेल में जसबीर सजा काट रहा था।