सिरसा। धान का सीजन शुरू होने से पहले पिछले वर्ष बरसाती लाइन बिछाने काम शुरू हुआ था। धान के सीजन में किसानों को बड़े स्तर पर परेशानी उठानी पड़ी थी। अब गेहूं के सीजन से पहले नगर परिषद प्रशासन जाग गया है। आठ माह के इंतजार के बाद टूटी सड़कों को दुरुस्त करवाया जाएगा।
इसी कड़ी में वीरवार को 42 लाख रुपये की लागत का शॉर्ट टर्म टेंडर इंटरलॉकिंग टाइल लगाने को लेकर लगाया गया है। ताकि गेहूं के सीजन में किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इन सड़कों को दुरुस्त करवाने के लिए मार्केट कमेटी के अधिकारियों से लेकर आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारी तक मांग कर चुके थे। बुधवार को भी आढ़ती एसोसिएशन ने इस मामले में चेयरमैन से मुलाकात की थी।
अप्रैल माह में होगा सीजन शुरू : मार्केट कमेटी सचिव विरेंद्र मेहता के अनुसार, सरकारी तौर पर एक अप्रैल से गेहूं का सीजन शुरू हो जाएगा। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। टूटीं सड़कों के कारण माल ढुलाई और किसानों को माल लाने में दिक्कत आती है। धान के सीजन में ट्रक पलटने जैसी घटनाएं भी हो गई थीं। इसलिए नगर परिषद प्रशासन से अपील की गई थी कि इन सड़कों को दुरुस्त करवाए, ताकि गेहूं के सीजन में कोई हादसा न हो। आसानी से किसान अपनी फसल मंडी में बेच सकें।