सिरसा में नेशनल हाईवे पर सुबह 10 बजे धुंध के बीच निकलते वाहन।
सिरसा। मंगलवार को दिनभर निकली धूप ने शहर में ठंड और शीतलहर से जूझ रहे लोगों को कुछ हद तक राहत जरूर दी, लेकिन सर्द हवाओं के चलते पूरी तरह से ठंड से निजात नहीं मिल पाई। सुबह के समय हल्की धुंध और ठंडक के बाद जैसे-जैसे धूप तेज हुई, वैसे-वैसे लोगों ने राहत की सांस ली। कई दिनों बाद खुलकर धूप निकलने से बाजारों, पार्कों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ी और लोग धूप सेंकते नजर आए।
हालांकि धूप निकलने के बावजूद शीतलहर का असर बना रहा। खासकर सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतते देखा गया। लोग गर्म कपड़ों में पूरी तरह लिपटे नजर आए और जगह-जगह अलाव तापते दिखाई दिए। दिन में धूप निकलने से लोगों को घरों से बाहर निकलने का अवसर मिला। बाजारों में खरीदारी करते लोग, पार्कों में टहलते बुजुर्ग और खेलते बच्चे नजर आए। किसानों के लिए भी धूप फायदेमंद मानी जा रही है, क्योंकि इससे फसलों पर जमी नमी सूखने में मदद मिलती है। हालांकि रात के समय पाला पड़ने की आशंका से किसान सतर्क बने हुए हैं।
न्यूनतम तापमान पहुंचा 2 डिग्री पर
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि राहत के बीच न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई और यह 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे रात के समय ठंड और बढ़ गई।
19 जनवरी तक रहेगी धूप, लेकिन रात बढ़ेगी अधिक ठंड
आईएमडी के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और 19 जनवरी तक धूप छाए रहने के आसार हैं। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन रात के समय ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। जिससे शीतलहर का असर रात और सुबह के समय अधिक महसूस होगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी ठंड के मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि ठंडी हवाओं से बचाव करें, गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।