रोष प्रदर्शन के बाद वापस लौटते पेंशन बनवाने के लिए पहुंचे बुजुर्ग।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। पेंशन बनाने के लिए मेडिकल जरूरी है। इसे बनाने के लिए नागरिक अस्पताल के डॉक्टर ने इंकार किया तो बुजुर्गों ने अस्पताल के गेट पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। रोष प्रदर्शन करने के बाद पुलिस कर्मचारियों ने बुजुर्गों को समझाकर घरों को भेज दिया।
बता दे कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सिविल सर्जन की ओर से बुजुर्गों के मेडिकल जांच प्रक्रिया को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि बुढ़ापा पेंशन बनवाने के लिए अधिकारियों ने डॉक्टर द्वारा जांच करवाना अनिवार्य किया गया है। हर वीरवार को नागरिक अस्पताल में बुजुर्गों की जांच कर उनका मेडिकल बनाया जाता है। लेकिन डॉक्टरों ने जांच बंद करने की जानकारी देकर बुजुर्गों को लौटना शुरू कर दिया। जिससे आक्रोशित बुजुर्गों ने नागरिक अस्पताल के गेट पर ही प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे के बाद पुलिस कर्मचारियों ने बुजुर्गों को समझाकर वहां से लौटा दिया। नेजाडेला कलां के कामरेड मंगतराम, रामप्रकाश, सोहन लाल व सिरसा के साधुराम ने बताया कि उन्हें मेडिकल के लिए बुलाया गया था लेकिन डॉक्टर ने यहां आकर कह दिया कि आज मेडिकल जांच नहीं होगी। जिसके कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। पहले भी समाज कल्याण विभाग में कई चक्कर लगाने के बाद उन्हें मेडिकल करवाने के लिए भेजा गया है। लेकिन अब यहां से उन्हें लौटाया जा रहा है।
बोले : सरकार जानबूझ कर नहीं बना रही बुजुर्गों की पेंशन
बुुजुर्गों ने रोष प्रदर्शन करते हुए कहा कि सरकार जानबूझ कर उनकी पेंशन नहीं बना रही है। गांव नरेल खेड़ा से आई बुजुर्ग महिला कुलदीप कौर ने समस्या बताते हुए कहा कि उसका पति और बेटा नशा करते हैं। दोनों ही घर खर्च के लिए रुपये नहीं देते। पेंशन बनवाने के लिए भी वह पड़ोसियों से रुपये उधार मांगकर लाई थी। अब मेडिकल बनाए बिना ही उन्हें घर भेजा जा रहा है। घर में एक भी पैसा नहीं है। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण अब रोटी का जुगाड़ करने के भी लाले पड़ रहे हैं।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मेडिकल कैंप स्थगित किए गए हैं। जो भी फैसला लिया गया है बुजुर्गों की भलाई के लिए किया गया है। अस्पताल में भी कई डॉक्टर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
-डॉ. मनीष बांसल, सिविल सर्जन, सिरसा।
नागरिक अस्पताल के गेट पर रोष प्रदर्शन करते बुजुर्ग।- फोटो : Sirsa